नई दिल्ली:देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या कम हो रही है। बीते 24 घंटे में देश में 3 लाख 42 हजार 896 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई, जबकि 3 लाख 44 हजार 570 ठीक हो गए और 3,997 मरीजों की मौत हो गई। इस महीने ऐसा तीसरी बार हुआ जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक हुए हैं। इससे 4 दिन पहले 10 मई को 3.29 लाख केस आए थे और 3.55 लाख संक्रमित ठीक हो गए थे। अगले ही दिन 11 मई 3.48 लाख नए मरीजों के मुकाबले 3.55 लाख संक्रमित रिकवर हो गए थे।
कोरोना की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 9 मई को 37.41 लाख थी, जो अब घटकर 37 लाख हो गई है। गुरुवार को इसमें 5,753 की कमी आई। देश में ठीक हो चुके कोरोना मरीजों की संख्या 2 करोड़ से ज्यादा हो गई है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.42 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,997
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3,44,570 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.40 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.62 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37 लाख
18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
कोरोना अपडेट्स
- ओडिशा के भुवनेश्वर की जेल में 120 कैदियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से 2 की मौत भी हो गई है। DIG शुभाकांत मिश्रा ने बताया कि कोरोना के गंभीर मरीजों को अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही 449 कैदियों को 90 दिन की पैरोल पर छोड़ दिया है। पटनागढ़ और बहरामपुर जेल को कोविड केयर सेंटर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
- कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किसानों से अपना आंदोलन रद्द करने की अपील की है। हरियाणा बॉर्डर पर किसान काफी दिनों से कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठे हैं।
- उत्तराखंड में लॉकडाउन जैसी सख्ती के बीच सरकार ने 18 मई तक 3 घंटे दुकान खोलने की इजाजत दे दी है। सरकार के नए आदेश के मुताबिक अब राज्य में दुकानदार सुबह 7 से लेकर 10 बजे तक दुकानें खोल सकेंगे। सरकार ने यह फैसला जनता की परेशानी कम करने के उद्देश्य से लिया है।