नई दिल्ली:देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच राहत भरी खबर आई। यहां सोमवार को 3 लाख 29 हजार 379 नए संक्रमितों की पहचान हुई, लेकिन 3.55 लाख संक्रमित ठीक हो गए। 62 दिन बाद ऐसा हुआ जब नए मरीजों से ज्यादा मरीजों ने महामारी को मात दी। इससे पहले 9 मार्च को 17,873 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई थी और 20,643 लोग ठीक हुए थे।
यह भी राहत की खबर है कि सोमवार को मिले नए संक्रमितों की संख्या पिछले 15 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 26 अप्रैल को 3.19 लाख केस सामने आए थे। पिछले 24 घंटे में 3,877 लोगों ने इस महामारी से जान गंवाई। इसके साथ ही एक्टिव केस में 30,412 की कमी हुई। इससे पहले 9 मार्च को एक्टिव केस में 2909 की कमी हुई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.29 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,877
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.55 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.29 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.90 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.50 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.10 लाख
17 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 17 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
15 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और गुजरात शामिल हैं।
कोरोना अपडेट्स
- पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी कोरोना पॉजिटिव हो गए। उनका चेन्नई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने उनके हालचाल जाने, साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि भारत में सबसे तेज टीकाकरण हो रहा है। भारत में 114 दिनों में 17 करोड़ कोविड वैक्सीन के डोज लगाए गए, जबकि अमेरिका ने इसे 115 दिन में पूरा किया और चीन को इसमें 119 दिन लगे थे।