नई दिल्ली:कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़े रोज अपने ही रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। देशभर में शुक्रवार को पहली बार 2 लाख 33 हजार 757 नए मरीज मिले। इसके साथ ही 1338 लोगों ने संक्रमण से जान गंवाई। हालांकि राहत की बात ये रही कि 24 घंटे में करीब 1 लाख 22 हजार 839 मरीज ठीक भी हुए हैं। अभी 16.73 लाख मरीजों का इलाज जारी है।
पिछले दो दिनों से लगातार करीब 2 लाख से ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं, महाराष्ट्र में एक बार फिर 63,729 संक्रमित मिले। उत्तर प्रदेश में 27,426 और राजधानी दिल्ली में 19,486 नए मामले सामने आए। आज अकेले इन तीन राज्यों में ही 1.10 लाख से ज्यादा मरीज मिले हैं। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। वहीं मौतों के मामले में भी इन राज्यों का आंकड़ा 642 पहुंच गया है। वहीं, चुनावी राज्य बंगाल में भी शुक्रवार को 6910 नए मरीज मिले हैं। यह राज्य में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यहां 26 लोगों की मौत भी हुई है।
पूरे यूपी में संडे लॉकडाउन, मास्क न पहनने पर 10 हजार तक जुर्माना
उत्तर प्रदेश में कोरोना से बिगड़े हालात काबू से बाहर हो गए हैं। यहां शुक्रवार को 27,426 नए केस सामने आए। यह लगातार तीसरा दिन है, जब यहां 20 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। इससे ज्यादा मरीज सिर्फ महाराष्ट्र में सामने आ रहे हैं। प्रदेश में 103 मरीजों की जान भी चली गई। इसी के साथ महामारी से मरने वालों की संख्या 9,583 हो गई है। इसे देखते हुए प्रदेश में संडे लॉकडाउन लगा दिया गया है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए CBSE के बाद ICSE बोर्ड ने भी 10वीं और 12वीं की परीक्षा टाल दी है। इसकी नई तारीखों पर फैसला जून के पहले हफ्ते में किया जाएगा। इससे पहले कई राज्यों में परीक्षाएं टल चुकी हैं।
यूपी में रविवार को हर जिले में सैनिटाइजेशन
हालात को देखते हुए मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश में भी संडे लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, रविवार को पूरा प्रदेश बंद रहेगा। इस दौरान केवल इमरजेंसी सेवाएं ही जारी रहेंगी। योगी सरकार ने मास्क नहीं लगाने वालों पर भी सख्ती बढ़ा दी है। मास्क नहीं पहनने पर पहली बार में 1,000 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि दूसरी बार नियम तोड़ा तो 10 हजार रुपए देने होंगे। लॉकडाउन के दौरान हर जिले में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन का काम होगा।
इस महीने एक्टिव केस 13 गुना से ज्यादा बढ़े
एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (हेल्थ) अमित मोहन ने बताया कि प्रदेश में अब तक 7.93 लाख केस हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 6,429 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। अभी राज्य में 1.5 लाख सक्रिय मामले हैं। इनमें 77,146 होम आइसोलेशन में, 2,435 निजी अस्पतालों में और बाकी सरकारी अस्पतालों में एडमिट हैं। अब तक 6.33 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं।
यूपी में 1 अप्रैल को 2589 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से हर दिन नए मरीजों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही है। इसी तरह 1 अप्रैल को 11,918 एक्टिव केस थे। 16 अप्रैल को ये 13 गुना से ज्यादा बढ़कर डेढ़ लाख हो गए हैं।
रेमडेसिविर इंजेक्शन आउट ऑफ स्टॉक
रेमडेसिविर बनाने वाली देश की बड़ी फार्मा कंपनी डॉ. रेड्डीज ने बताया कि अभी रेमडेसिविर इंजेक्शन आउट ऑफ स्टॉक है। इसके उत्पादन को बढ़ाने पर पूरा फोकस है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी कहा कि रेमडेसिविर इंजेक्शन तैयार करने वाली सभी फार्मा कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि दवाइयों और इंजेक्शन का ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि वह शनिवार को देश के उन सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे, जहां कोरोना के मामलों में ज्यादा इजाफा हो रहा है। सोमवार को देश के सभी एम्स हॉस्पिटल के डायरेक्टर्स की बैठक होगी। इसमें एम्स में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कहा जाएगा।
12 राज्यों में ऑक्सीजन का संकट
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, देश के 12 राज्यों में मेडिकल ऑक्सीजन का संकट गहराता जा रहा है। ऑक्सीजन की कमी के चलते लोग दम तोड़ते जा रहे हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए केंद्र सरकार की एम्पॉवर्ड ग्रुप (EG2) ने इमरजेंसी मीटिंग की। मेडिकल इक्यूपमेंट्स की कमी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। तय हुआ कि 50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन दूसरे देशों से आयात कराया जाएगा। सबसे ज्यादा ऑक्सीजन की कमी महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, यूपी, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.16 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,182
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.17 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.42 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.25 करोड़
- अब तक कुल मौत: 1.74 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 15.63 लाख
24 घंटे में रिकॉर्ड 2.16 लाख मरीज मिले
देश में कोरोना वायरस से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में रिकॉर्ड 2 लाख 16 हजार 642 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल संक्रमण की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे बड़ा है। इस दौरान 1 लाख 17 हजार 825 लोग ठीक भी हुए, जबकि 1182 मरीजों ने दम तोड़ दिया।
भारत में एक्टिव केस की संख्या भी 15 लाख के पार हो गई है। अब यहां 15 लाख 63 हजार 588 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। देश में कोरोना के कहर का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि दुनिया के टॉप-20 संक्रमित शहरों की सूची में भारत के 15 शहर शामिल हैं। पुणे इस सूची में टॉप पर है तो मुंबई दूसरे नंबर पर है। आलम ये है कि देश के करीब 120 जिलों में बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाओं का टोटा पड़ गया है।