नई दिल्ली:कोरोना संक्रमण का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। पहली बार देश मे रिकॉर्ड 1 लाख 85 हजार 104 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही 82,231 ठीक हुए और 1026 की मौत हो गई। इससे पहले 11 अप्रैल को सबसे ज्यादा 1.69 लाख नए मरीज मिले थें। 12 अप्रैल को भी पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 1.60 लाख पार कर गया था। इस तरह देखा जाए तो पिछले तीन दिनों में ही देश में नए मरीजों की संख्या करीब 5 लाख का आंकड़ा पार कर गई।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री कार्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद CM योगी आदित्यनाथ ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। इधर, भोजपुरी फिल्म स्टार दिनेश यादव निरहुआ भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। निरहुआ इस वक्त बांदा में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। उनके साथ शूटिंग में शामिल दो क्रू मेंबर्स की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कुछ दिन पहले ही भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री आम्रपाली भी संक्रमित हुई थीं।
टीका उत्सव के तीसरे दिन 40 लाख वैक्सीनेशन
हेल्थ मिनिस्ट्री की रिपोर्ट के मुताबिक, देशव्यापी टीका उत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को करीब 40 लाख लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। इस तरह अब तक कुल 11.43 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। इससे पहले सोमवार को 37 लाख 63 हजार 858 लोगों को टीके की खुराक दी गई थी।
वहीं रविवार को पहले दिन करीब 27 लाख टीका लगाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अप्रैल यानी ज्योतिबा फुले जयंती से 14 अप्रैल यानी बाबा साहेब आंबेडकर जयंती तक देशभर में टीका उत्सव मनाने की अपील की थी।
हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि अब तक कुल 13 करोड़ 10 लाख 90 हजार 370 वैक्सीन राज्यों को दी गई है। इसमें वेस्टेज समेत 11 करोड़ 43 लाख 69 हजार 677 वैक्सीन यूज किए जा चुके हैं। राज्यों के कोटे में अभी 1 करोड़ 67 लाख 20 हजार 693 वैक्सीन उपलब्ध है।
कोरोना अपडेट्स
- राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से CBSE की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देशभर में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसी स्थिति में परीक्षा कराना खतरे से खाली नहीं है।
- केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। पिछले साल अक्टूबर में उनकी पत्नी समेत परिवार के 6 लोग संक्रमित हुए थे।
- कोरोना को देखते हुए दिल्ली के कालकाजी मंदिर में ई-पास अनिवार्य कर दिया गया है। नवरात्र में यहां दर्शन करने आने वाले सभी श्रद्धालुओं को ई-पास लाने पर ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।
- देश में कोरोना की दूसरी लहर का असर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सूत्रों की मानें तो सुप्रीम कोर्ट के स्टाफ के कई मेंबर्स कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में एहतियात के तौर पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सभी सुनवाई अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। सभी जज इस दौरान अपने आवास से ही काम करेंगे। इस दौरान कोर्ट की अलग-अलग बेंच तय समय से एक घंटा देरी से बैठेंगी और सुनवाई करेंगी।
- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राज्य में नए लेवल पर कोरोना के मामले पहुंच गए हैं। सभी से अपील है कि जब जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। हम बेड लगातार बढ़ा रहे हैं। पिछले एक हफ्ते में हमने 5,000 बेड बढ़ाए हैं, आज भी 50% बेड उपलब्ध हैं इसे हम और बढ़ा रहे हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू 14 अप्रैल को कोरोना और वैक्सीनेशन के मुद्दे पर सभी राज्यों के राज्यपालों के साथ एक वर्चुअल मीटिंग करेंगे।
- कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अहमदाबाद का साबरमती आश्रम 13 अप्रैल से विजिटर्स के लिए बंद रहेगा।
- राजस्थान में बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने 6-7वीं के बच्चों को अगली क्लास में प्रमोट करने का फैसला लिया है।
- हरियाणा में सोमवार रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। यह अगले आदेश तक जारी रहेगा
प्रमुख राज्यों के हाल…
*महाराष्ट्र:-यहां सोमवार को 51,751 नए मरीज मिले। 52,312 मरीज ठीक हुए और 258 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 34.58 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 28.34 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 58,245 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.64 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
*उत्तर प्रदेश:-सोमवार को यहां 13,604 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 3,197 लोग रिकवर हुए और 72 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.05 लाख लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6.14 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,224 मरीजों की मौत हो गई। 81,576 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
*दिल्ली:-
राज्य में सोमवार को 11,491 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 7,665 लोग रिकवर हुए और 72 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.36 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 6.87 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 11,355 मरीजों की जान चली गई। 38,095 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
*छत्तीसगढ़:-राज्य में सोमवार को 15,121 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 4,139 लोग ठीक हुए और 109 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 4.71 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.57 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,031 मरीजों की मौत हुई है। 98,856 मरीजों का इलाज चल रहा है।
*मध्यप्रदेश:-राज्य में सोमवार को 6,489 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,306 लोग रिकवर हुए और 37 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.44 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.01 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,221 मरीजों की जान चली गई। 38,651 मरीजों का इलाज चल रहा है।
*गुजरात:-राज्य में सोमवार को 6,021 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 2,854 लोग रिकवर हुए और 55 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.17 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 4855 मरीजों की मौत हो गई। 30,680 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।