पणजी। के पुलिस निरीक्षक सुदेश नाइक ने कहा कि लोग मास्क लगाने के नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें लोगों पर जुर्माना लगाना अच्छा नहीं लगता लेकिन मास्क नियम को लागू करना होगा।”
गोवा (Goa) की राजधानी पणजी में स्थानीय नगर निकाय पुलिस को मास्क (Mask) दे रहा है ताकि वह उन लोगों को इसे ‘भेंट’ कर सकें जो सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क लगाए पकड़े जाते हैं। पणजी महानगर पालिका (सीसीपी) के महापौर वसंत अगाशिखर ने पुलिस को मास्क दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम पुलिस को यहां कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन कराने में मदद करेगी।
पणजी के पुलिस निरीक्षक सुदेश नाइक ने कहा कि लोग मास्क लगाने के नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें लोगों पर जुर्माना लगाना अच्छा नहीं लगता लेकिन मास्क नियम को लागू करना होगा। अब हम ये मास्क भेंट कर सकते हैं ताकि बिना मास्क लगाए पकड़े जाने वाले लोग इन्हें लगाएं और वायरस को फैलने से रोक सकें।’’
मास्क के बिना दुकानों से राशन नहीं मिल रहा था
वहीं पिछले साल गोवा में मास्क के बिना लोगों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल और सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन नहीं मिल रहा था। सरकार ने कोरोना वायरस के सामुदायिक फैलाव को रोकने के लिए यह फैसला लिया था। राज्य के मुख्य सचिव परिमल राय की अध्यक्षता में राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में यह निर्णय किया गया। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए समिति ने मास्क पहनने के नियम का कड़ाई से अनुपालन करने की जरूरत बताई थी।
आधिकारिक बयान के मुताबिक अब राज्य में उचित मूल्य की दुकानों पर राशन और पेट्रोल पंपों पर ईंधन मिलना बंद कर दिया गया था। समिति ने कहा था कि इसके लिए राज्य सरकार को ‘मास्क नहीं तो पेट्रोल नहीं’ और ‘मास्क नहीं तो राशन नहीं’ जैसे अभियान चलाने चाहिए। कोरोना वायरस को लेकर लोगों के बीच जागरुकता फैलाने के लिए कई तरह के अभियान जैसे कि ‘घर पर रहें, सुरक्षित रहें’ भी चलाए जा रहे हैं।