नई दिल्ली:देश में बीते 24 घंटे में 56,119 नए कोरोना संक्रमित मिले। 36,983 ठीक हुए और 266 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 18,883 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देश में अब तक करीब 1.21 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.14 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.62 लाख ने जान गंवाई है, 5.37 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
देश में लगातार छह दिन से 50,000 से ज्यादा लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। इनमें से तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को तो आंकड़ा 60,000 के पार रहा।
कोरोना अपडेट्स
- दिल्ली सरकार ने कहा कि फिर से बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए छोटी कक्षाओं के लिए स्कूल फिलहाल नहीं खोले जाएंगे। पंजाब, पुडुचेरी, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, राजस्थान समेत कई और राज्यों ने भी छोटी कक्षाओं के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।
- पंजाब के सभी स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। पंजाब बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 4 मई और 20 अप्रैल से शुरू होंगी।
- गुजरात सरकार ने अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, सूरत, भावनगर, गांधीनगर, जामनगर और जूनागढ़ में सभी स्कूलों को 10 अप्रैल तक सिर्फ ऑनलाइन क्लास लेने को कहा है। तमिलनाडु सरकार ने भी राज्य के सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।