नई दिल्ली:देश में कोरोना के मामलों में आई तेजी चिंता बढ़ा रही है। पिछले 24 घंटे में 36 में से 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एक्टिव केस बढ़े। इसका मतलब है कि इन राज्यों में ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा संख्या में संक्रमित मिले। महाराष्ट्र में लगातार चौथे दिन 8 हजार से ज्यादा नए केस आए और ठीक होने वालों का आंकड़ा 4 हजार से कम रहा। कर्नाटक, गुजरात, मध्यप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में भी एक्टिव केस लगातार बढ़ रहे हैं।
24 घंटे में 16 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले
शनिवार को देश में 16,803 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 11,707 लोग रिकवर हुए और 112 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 10 लाख 96 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 7 लाख 73 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 57 हजार 87 मरीज ऐसे हैं जिनकी मौत हो गई। 1 लाख 61 हजार 506 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
- देश में कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा फेज 1 मार्च से शुरू होगा। 10 हजार सरकारी केंद्रों और 20 हजार निजी अस्पतालों में टीका लगाया जाएगा। इसमें 45 साल से ऊपर के बीमार लोगों और 60 साल से ज्यादा के सभी लोगों का वैक्सीनेशन होगा।
- देश में कोरोना वैक्सीनेशन का तीसरा फेज 1 मार्च से शुरू हो रहा है। इस फेज में प्राइवेट अस्पतालों को भी शामिल किया गया है, लेकिन यहां वैक्सीन लगवाने वालों को पैसे चुकाने होंगे। सरकार ने कहा है कि प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीन लगवाने वालों को 250 रुपए चुकाने पड़ेंगे। इसमें अस्पतालों के सर्विस चार्ज भी शामिल होंगे।
- देशभर में शनिवार को भी वैक्सीनेशन नहीं होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, Co-Win मोबाइल ऐप को आम लोगों के लिए अपडेट किया जा रहा है, इसलिए 27 और 28 फरवरी को वैक्सीनेशन न करने का फैसला किया गया था। इसी मोबाइल ऐप के जरिए आम लोग वैक्सीनेशन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।