नई दिल्ली: कोविड वैक्सीन (Covid-19 vaccine) की सबसे ज्यादा खुराक लगाने वाले देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस सूची में अमेरिका और ब्रिटेन भारत से ऊपर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) की मानें तो देश भर में अब तक कुल 58,03,617 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई है। 12 राज्यों में दो-दो लाख से ज्यादा लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें से 53,17,760 स्वास्थ्यकर्मी और 4,85,857 फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं। रविवार को 28,059 लाभार्थियों को टीके लगाए गए। इनमें 12,978 स्वास्थ्यकर्मी और 15,081 फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं।
प्रतिकूल प्रभाव का कोई मामला नहीं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक प्रतिकूल प्रभाव का कोई मामला सामने नहीं आया है। टीकाकरण के बाद 22 लोगों की मौत हुई है, लेकिन किसी भी मौत का संबंध कोरोना के टीके से नहीं है। अब तक टीका लगाने के लिए 1,15,178 सत्र आयोजित किए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि प्रत्येक दिन टीका लगाने वालों की संख्या बढ़ रही है। टीकाकरण के अब तक कुल 1,16,478 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।
13 फरवरी से स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से टीकाकरण में तेजी लाने को कहा है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 20 फरवरी तक सभी स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का काम पूरा कर लेने को कहा गया है।
को-विन का दूसरा संस्करण जल्द
मंत्रालय का कहना है कि सरकार जल्द ऑनलाइन प्लेटफार्म को-विन का दूसरा संस्करण जारी करेगी। बीते दिनों केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने लोकसभा में बताया था कि मार्च से 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू होने की संभावना है।
मार्च से 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों का टीकाकरण
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 जनवरी को राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी। पहले चरण में एक करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों और दो करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने का लक्ष्य है। मार्च के दूसरे हफ्ते या उसके बाद 50 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाने का काम शुरू किया जाएगा।
नियंत्रण में कोरोना के मामले
इस बीच देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी बरकरार है। बीते 24 घंटे में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 80 से कम रही। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो यह पिछले नौ महीने में सबसे कम है। मौजूदा वक्त में 1.48 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है जो कुल संक्रमितों का 1.37 फीसद है। महामारी को हराने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1.05 करोड़ हो गई है। बीते 24 घंटे में संक्रमण के 12,059 नए मामले सामने आए जबकि 11,805 लोगों ने महामारी को शिकस्त दी।