नई दिल्ली:देश में कोरोना के एक्टिव केसों (इलाज करा रहे मरीज) में इस महीने अब तक 96 हजार 444 की कमी आई है। इनकी संख्या अब सिर्फ 3.38 लाख रह गई है। सोमवार को 12 हजार 892 एक्टिव केस कम हो गए। यह इस महीने की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट है। 7 दिसंबर को 13 हजार 476 एक्टिव केस कम हुए थे।
देश में सोमवार को 21 हजार 791 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। 34 हजार 313 ठीक हो गए और 353 की मौत हो गई। अब तक 99.06 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 94.21 लाख ठीक हो गए और 1.43 लाख की मौत हो गई। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
- देश में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा साढ़े पंद्रह करोड़ के पार हो गया है। सोमवार को 9.93 लाख टेस्ट किए गए।
- उत्तराखंड के 93 हजार से अधिक हेल्थ वर्कर्स को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी। राज्य के स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने यह जानकारी मंगलवार को दी।
- मध्यप्रदेश में 18 दिसंबर से 10वीं और 12वीं की रेगुलर क्लासेस लगेंगी। यह फैसला बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। 9वीं और 11वीं की कक्षाएं शुरू करने का फैसला जिला प्रशासन पर छोड़ दिया गया है। पहली से 8वीं तक के स्कूलों को खोलने का फैसला कोरोना संक्रमण की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। यह फैसला एमपी बोर्ड और CBSE स्कूलों पर लागू होगा।
- हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में नाइट कर्फ्यू 5 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। शादी और अन्य कार्यक्रमों में ज्यादा से ज्यादा 50 लोगों के शामिल होने का नियम भी लागू रहेगा। यहां करीब सात हजार कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है। राज्य की आबादी 73 लाख है, जबकि पॉजिटिविटी रेट 8% है।