नई दिल्ली:महाराष्ट्र फिर एक बार नए केस सबसे ज्यादा आने लगे हैं। गुरुवार को यहां 6406 मरीज मिले। यह 6 नवंबर के बाद सबसे ज्यादा है। 4815 मरीज ठीक हुए और 65 की मौत हो गई। इस तरह 1499 एक्टिव केस बढ़ गए। यहां बीते छह दिन से लगातार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। 17 सितंबर को राज्य में सबसे ज्यादा 3 लाख 1 हजार एक्टिव केस थे, इसके बाद इनमें गिरावट आना शुरू हुई। 20 नवंबर को सबसे कम 78 हजार 272 केस थे। बीते छह दिन से इनमें फिर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और ये अब 85 हजार 963 पर पहुंच गए हैं।
इधर, देश में गुरुवार को कोरोना के 43 हजार 174 नए केस आए, 39 हजार 723 मरीज ठीक हो गए और 491 की मौत हो गई। अब तक कुल 93.09 लाख केस आ चुके हैं, 87.17 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1.35 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल 4.54 लाख मरीजों का इलाज चल रहा हे। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
- दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा- दिल्ली में नाइट कर्फ्यू लगे या नहीं, यह राज्य सरकार को तय करना है। इस पर भी विचार करे कि पूरी दिल्ली में नाइट कर्फ्यू की जरूरत है या इसे कुछ हिस्सों में लगाया जा सकता है। लेकिन, सरकार को जो भी फैसला करना हो, बिना वक्त गंवाए करे।
- दिल्ली में फिलहाल स्कूल बंद ही रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को कहा कि जब तक स्कूलों में स्टूडेंट्स की सुरक्षा को लेकर चिंताएं दूर नहीं होतीं, तब तक स्कूल खोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
- दिल्ली में वेंटिलेटर वाले केवल 250 ICU बेड खाली बचे हैं। 60 हॉस्पिटल में मरीजों के लिए जगह नहीं बची है। न्यूज एजेंसी ने दिल्ली सरकार के ऑनलाइन कोरोना डेशबोर्ड के हवाले से यह जानकारी दी है। जिन हॉस्पिटल में जगह नहीं है, उनमें कैंट का बेस हॉस्पिटल, उत्तरी रेलवे हॉस्पिटल, सर गंगाराम हॉस्पिटल, बत्रा हॉस्पिटल, VIMHANS और इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल शामिल हैं।
- दिल्ली में एक महीने से भी कम समय में कोरोना से 2 हजार 300 जानें जा चुकी हैं।
- जयपुर के सबसे बड़े कोविड सेंटर राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस में बुधवार देर रात छह मरीजों की मौत हो गई। उनके परिजन का आरोप है कि ऑक्सीजन सप्लाई रुकने के कारण ऐसा हुआ। अस्पताल के दस्तावेजों में भी तीन मरीजों की मौत लगभग एक ही समय तड़के तीन बजे होना बताया गया है, ऐसे में आरोपों को खारिज नहीं किया जा सकता। हालांकि, हॉस्पिटल के कोविड इंचार्ज ने इससे इनकार किया है।