मुंबई:जून में देश के निर्यात और आयात दोनों में गिरावट दर्ज की गई। लेकिन निर्यात की तुलना में आयात में बहुत ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इसके कारण पिछले महीने भारत ने ट्र्रेड सरप्लस दर्ज किया। जून में भारत ने 79 करोड़ डॉलर (करीब 5,939 करोड़ रुपए) का ट्रेड सरप्लस (व्यापार आधिक्य) दर्ज किया। एक साल पहले की समान अवधि में देश को 15.28 अरब डॉलर (करीब 1.15 लाख करोड़ रुपए) का ट्र्रेड डिफिसिट (व्यापार घाटा) हुआ था।
निर्यात में लगातार चौथे माह गिरावट
देश के निर्यात में जून में लगातार चौथे महीने गिरावट रही। देश का निर्यात 12.41 फीसदी घटकर 21.91 अरब डॉलर (करीब 1.65 लाख करोड़ रुपए) रहा। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पेट्रोलियम, टेक्सटाइल्स, इंजीनियरिंग गुड्स और रत्न व आभूषण निर्यात में सबसे ज्यादा गिरावट रही। आयात इस दौरान 47.59 फीसदी घट कर 21.11 अरब डॉलर (करीब 1.59 लाख करोड़ रुपए) का रहा।
अप्रैल-जून तिमाही में व्यापार घाटा
चालू कारोबारी साल के पहले तीन महीने (अप्रैल-जून) में देश को 9.12 अरब डॉलर (करीब 68,559 करोड़ रुपए) का व्यापार घाटा हुआ। इस दौरान देश का निर्यात 36.71 फीसदी घटकर 51.32 अरब डॉलर का रहा। आयात इस दौरान 52.43 फीसदी घटकर 60.44 अरब डॉलर का रहा। जून में तेल आयात 55.29 फीसदी घटकर 4.93 अरब डॉलर का रहा। सोने का आयात जून में 77.42 फीसदी घटकर 60.87 करोड़ रुपए का रहा।