मुंबई:एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म को लेकर बहस छिड़ गई है। इस बीच फेमस सिंगर सोनू निगम ने आरोप लगाया है कि म्यूजिक इंडस्ट्री में कई बड़े माफिया हैं, जो म्यूजिशियंस का शोषण करते हैं। अब सोनू की इस बात का सिंगर मोनाली ठाकुर ने समर्थन किया है। उनका कहना है कि म्यूजिक इंडस्ट्री में टैलेंटेड लोगों को चींटी की तरह कुचल दिया जाता है।
बॉलीवुड स्पाय के साथ इंटरव्यू के दौरान मोनाली ने कहा, ” मैं उनकी शुक्रगुजार हूं क्योंकि वे सीनियर हैं और काफी समय से इंडस्ट्री में हैं। इंडस्ट्री में उनका बड़ा नाम है और आइकॉनिक म्यूजिशियन में से एक हैं। वे इन सब चीजों से ऊपर उठ चुके हैं। उन्होंने सच कहा कि म्यूजिक इंडस्ट्री में माफियागिरी है। किसी को उसका हक नहीं मिलता है। यही वजह है कि मैं म्यूजिक इंडस्ट्री के माहौल को पसंद नहीं करती हूं। यहां तक कि अब मैं मूवी में गाने का प्रयास भी नहीं करती हूं। मैंने खुद को अलग कर लिया है क्योंकि मुझे अपने मेंटल हेल्थ की चिंता है।
मोनाली ने दावा किया है म्यूजिक लेबल्स द्वारा टैलेंटेड म्यूजिशियंस को चींटी की तरह कुचल दिया जाता है। उन्होंने कहा, उन्हें किसी की परवाह नहीं होती है। चींटी की तरह पीस देते हैं। वे ऐसे लोगों को प्रमोट करेंगे, जो औसत दर्जे हैं। सोनू ने कहा कि म्यूजिक इंडस्ट्री में एंट्री करने वाले सिंगर्स, कंपोजर्स और लिरिसिस्ट को पावरफुल कंपनियां भ्रमित करती हैं, जिनसे अब उनका मोहभंग हो रहा है। सोनू ने विनम्रतापूर्वक इस बात को रखी लेकिन स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो गई है।
सिंगर ने आगे कहा कि आपको अपनी इनकम का 80 पर्सेंट तक देना पड़ता है तब कहीं जाकर इंडस्ट्री में काम मिलता है। यह सही नहीं है। म्यूजिक लेबल गैंगस्टर हैं। उन्होंने कहा कि म्यूजिक इंडस्ट्री में नेपोटिज्म नहीं है लेकिन गुंडागर्दी जरूर है।