नई दिल्ली:इंग्लैंड के ऑल राउंडर बेन स्टोक्स हमेशा ही खबरों में बने रहते हैं। कभी अपनी शानदार परफॉर्मेंस से और कभी भारतीय बल्लेबाजों पर की गई टिप्पणी से। स्टोक्स ने हाल ही में अपनी किताब ‘द फायर’ में लिखा है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने जीतने की कोशिश नहीं की थी। इंग्लैंड के खिलाफ 2019 के वर्ल्ड कप में ग्रुप मैच एजबेस्टन में खेला जा रहा था और टीम इंडिया 338 रनों का पीछा कर रही थी। बेन स्टोक्स के इस दावे ने पाकिस्तान क्रिकेट में नये विवाद को जन्म दे दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट ने इसके लिए भारतीय टीम की खुलकर आलोचना की। पूर्व पाकिस्तानी ऑल राउंडर अब्दुल रज्जाक ने इस बात को लेकर विराट कोहली एंड कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पाकिस्तान के न्यूज चैनल पर पूर्व ऑल राउंडर अब्दुल रज्जाक ने चर्चा के दौरान यह दावा किया है कि भारत जानबूझकर इंग्लैंड से हार गया था ताकि पाकिस्तान आगे न जा सके। रज्जाक ने कहा, ”इसमें कोई शक नहीं, हमने उस वक्त ही यह बोला था। सारे लोग कह रहे थे, जितने क्रिकेटर हैं सब कह रहे थे। एक आदमी छक्का मार सकता है, चौका मार सकता है लेकिन फिर भी वह गेंद को रोक रहा है। तो पता तो चल जाता है ना।”
मुश्ताक अहमद ने भी भारत पर लगाया आरोप
दूसरी तरफ पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मुश्ताक अहमद ने भी कहा कि भारत ने पड़ोसी देश को निराश किया था। पूर्व लेग स्पिनर मुश्ताक अहमद ने भी यह कहा, ”उन्हें क्रिस गेल, जेसन होल्डर और आंद्रे रसेल ने भारत की इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद यह कहा था कि भारतीय टीम पाकिस्तान को सेमीफाइनल में नहीं देखना चाहती।”
भारत को 31 रन से मिली थी हार
इस मुकाबले में इयोन मोर्गन इंग्लैंड का नेतृत्व कर रहे थे। इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 337 रन बनाए थे। इसके जवाब में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच शतकीय भागीदारी हुई थी। रोहित ने शतक बनाया था, लेकिन वह आवश्यक रन रेट को बनाए नहीं रख पाए। महेंद्र सिंह धोनी और केदार जाधव की भी बड़े शॉट्स न लगाने के लिए काफी ओलचना हुई थी। लिहाजा भारत 31 रन से हार गया था।
बेन स्टोक्स ने लिखा- जब छक्कों-चौकों की जरूरत थी, तब सिंगल ले रहे थे
बेन स्टोक्स ने अपनी किताब में लिखा है, ”तार्किक रूप से देखो तो महेंद्र सिंह धोनी उस समय क्रीज पर आए जब भारत को 11ओवरों में 112 रनों की जरूरत थी। उस समय वह छक्कों और चौकों के बजाय सिंग्लस ले रहे थे। भारत तब भी यह मैच जीत सकता था, लेकिन उनकी जीतने की कोई इच्छा नहीं दिखाई। हमने हालांकि बहुत बढ़िया गेंदबाजी की, लेकिन जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की वह बेहद अजीब था।” इससे पहले भी स्टोक्स ने भारतीय बल्लेबाजों की आलोचना की थी।