नई दिल्ली:देश में कोराना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 58 हजार 73 हो गई। बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 7261 मरीज मिले। इससे पहले 24 मई को 7111 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। 18 मई को मरीजों का आंकड़ा 1 लाख और अगले 9 दिन यानी 27 मई को डेढ़ लाख हो गया। अब हर दिन औसतन 7000 संक्रमित बढ़ने का अनुमान है। ऐसे में यह संख्या अगले 5 दिन में (2 जून तक) 2 लाख के पार हो सकती है।
महाराष्ट्र में 11वें दिन 2 हजार से ज्यादा मामले सामने आए
महाराष्ट्र संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां बुधवार को 2190 मामले सामने आए। यह 11वां दिन था जब राज्य में 2000 से ज्यादा मामले सामने आए। इसके अलावा तमिलनाडु में 817, गुजरात में 376, राजस्थान में 280, पश्चिम बंगाल में 183, जम्मू-कश्मीर में 162, कर्नाटक में 135 मरीज मिले।
ये आंकड़े Covid19.Org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में 1 लाख 58 हजार 333 संक्रमण के मामले आ चुके हैं। इनमें से 86 हजार 110 का इलाज चल रहा है। 67 हजार 692 ठीक हो चुके हैं और 4531 की मौत हो चुकी है। देश में बीते चौबीस घंटे में 6566 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 194 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है।
फॉर्च्यून होटल में लगी आग पर काबू, 25 डॉक्टर निकाले गए
दक्षिण मुंबई में मेट्रो सिनेमा के पास स्थित 5 मंजिला फॉर्च्यून होटल में लगी आग गुरुवार तड़के काबू कर ली गई। इसमें फंसे 25 डॉक्टरों को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग पहली मंजिल पर लगी थी और भड़ककर तीसरी मंजिल तक पहुंच गई थी। बीएमसी ने कोरोनावायरस के मरीजों के इलाज में लगे डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को शहर के कई होटलों में ठहराया है।
5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले
तारीख | केस |
27 मई | 7270 |
26 मई | 6,387 |
24 मई | 7111 |
23 मई | 6665 |
22 मई | 6570 |