वॉशिंगटन: दुनिया में करोनावायरस से अब तक दो लाख 48 हजार 241 लोगों की मौत हो चुकी है। 35 लाख 65 हजार 110 संक्रमित हैं, जबकि 11 लाख 53 हजार 912 ठीक हो चुके हैं। ब्राजील में संक्रमण के मामले एक लाख के पार हो गए हैं। मरने वालों की संख्या 7025 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में 24 घंटे में 4588 नए केस मिले और 275 लोगों की मौत हुई। वहीं, चीन में मई में चीन दिन की छुट्टी के दौरान 8.5 करोड़ लोग घूमने निकले। संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के मुताबिक, इससे करीब 37 हजार करोड़ रु. (4.9 बिलियन डॉलर) का रेवेन्यू हुआ है।
कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 11,88,122 | 68,598 | 1,78,263 |
स्पेन | 2,47,122 | 25,264 | 1,48,558 |
इटली | 2,10,717 | 28,884 | 81,654 |
ब्रिटेन | 1,86,599 | 28,446 | उपलब्ध नहीं |
फ्रांस | 1,68,693 | 24,895 | 50,784 |
जर्मनी | 1,65,664 | 6,866 | 1,30,600 |
रूस | 1,34,687 | 1,280 | 16,639 |
तुर्की | 1,26,045 | 3,397 | 63,151 |
ब्राजील | 1,01,147 | 7,025 | 42,991 |
ईरान | 97,424 | 6,203 | 78,442 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अमेरिका: एक दिन में 1450 मौतें
अमेरिका मे 24 घंटे में 1450 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में मरने वालों की संख्या 68 हजार 598 हो गई है। 11 लाख 88 हजार 122 संक्रमित हैं। देश के सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क में 24 हजार 648 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लाख 23 हजार 883 संक्रमित हैं।
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को फॉक्स न्यूज से इंटरव्यू में दावा किया कि साल के अंत तक हम वैक्सीन बना लेंगे। इस दौरान उन्होंने वायरस को लेकर डेमोक्रेट्स की प्रतिक्रिया की आलोचना की। कहा कि वे इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
- अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने रविवार को कहा कि इस बात के पक्के सबूत हैं कि वायरस की शुरुआत वुहान की लैब से हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक के सबसे अच्छे विशेषज्ञों को लगता है कि यह मानव निर्मित था। मेरे पास इस पर विश्वास न करने का कोई कारण नहीं है।
इटली: सोमवार से कुछ प्रतिबंधों में ढील
इटली ने घोषणा की है कि वह सोमवार से कुछ प्रतिबंधों में ढील देगा। यहां संक्रमण के नए मामलों में लगातार कमी देखी जा रही है। सरकार ने अंतिम संस्कार में 15 लोगों के जमा होने की छूट दी है। यहां अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा 28 हजार 884 लोग मारे गए हैं, जबकि दो लाख 10 हजार 717 संक्रमित हैं।
जर्मनी: संक्रमण के 679 नए मामले मिले
जर्मनी में 24 घंटे में 679 नए मामले सामने आए हैं, जो 12 मार्च के बाद सबसे कम है। देश में अभी तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 63 हजार 175 तक पहुंच गई है। वहीं, अब तक 6692 मौत हो चुकी है, जबकि 1 लाख 32 हजार 700 मरीज ठीक हो गए हैं।
न्यूजीलैंड: 7 हफ्ते बाद एक भी नया केस नहीं
न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. एशले ब्लूमफील्ड के अनुसार, यहां एक दिन में कई भी नया मामला नहीं मिला। 25 मार्त से यहां लॉकडाउन लगा है, तब से पहली बार संक्रमण का कोई केस नहीं मिला। यहां अब तक 1487 केस मिल चुके हैं, जबकि 20 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 1276 मरीज ठीक हो चुके हैं। इससे पहले 16 मार्च को यहां एक भी नया केस नहीं मिला था। पिछले मंगलवार को देश में लॉकडाउन का लेवल 4 से 3 कर दिया या। पीएम जेसिंडा अर्डर्न के मुताबिक, अब चार लाख लोग काम पर जा रहे हैं।
द.कोरिया: बाहर से आए 8 नए मामले मिले
दक्षिण कोरिया में रविवार को बाहर से आए लोगों के 8 नए मामले मिले। सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, स्थानीय लोगों में एक भी मामला सामने नहीं आया है। इसका मतलब है कि देश में महामारी नियंत्रण में है। देश में अब तक 10 हजार 801 केस मिल चुके हैं, जबकि 252 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, रविवार तक 10 हजार 10,801 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
ब्राजील: संक्रमण के केस 1 लाख के पार
रियो डी जेनेरियो में सैकड़ों लोगों ने राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के समर्थन में रैली निकाली और जिला प्रशासन की वायरस से निपटने के प्रयासों की आलोचना की। रियो डी जेनेरियो के गवर्नर विल्सन विट्जेल ने बोल्सोनारो के मार्च की आलोचना करते हुए ट्वीट किया- राष्ट्रपति ऐसे समय प्रदर्शन में भाग लेकर एक बुरा उदाहरण पेश कर रहे हैं, जब स्थानीय अधिकारी वायरस के प्रसार की रोकथाम के लिए लोगों को आइसोलेशन के लिए कह रहे हैं।
जापान: पीएम आबे आज इमरजेंसी बढ़ा सकते हैं
जापान में संक्रमण का मामला बढ़ता ही ज रहा है। यहां रविवार को 200 नए केस मिले। देश में संक्रमण के अब तक 15 हजार 769 मरीज हो गए हैं, जबकि 523 लोगों की मौत हो चुकी है। जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के अनुसार, पीएम शिंजो आबे 31 मई तक आपातकाल बढ़ा सकते हैं।
चीन: कोरोना के तीन नए मामले
चीन में महामारी के तीन नए मामले मिले हैं। सभी बाहर से आए लोगों के हैं। देश में अब संक्रमितों की संख्या 82 हजार 880 हो गई है। वहीं, 4633 मौत हो चुकी है। नेशनल हेल्थ कमीशन ने सोमवार को कहा कि रविवार तक जो तीन मामले सामने आए, उनमें शंघाई से दो और एक शेडोंग प्रांत का है। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मई में तीन दिनों की छुट्टी के दौरान 8.5 करोड़ घरेलू टूरिस्ट घरों से घूमने निकले। लॉकडाउन के बाद पहली बार इतनी संख्या में लोग घर से बाहर निकले हैं।