वॉशिंगटन: दुनिया के सभी 195 देश कोरोनावायरस की चपेट में हैं। रविवार दोपहर तक 6 लाख 77 हजार 705 संक्रमितों की पुष्टि हुई। 31,737 लोग जान गंवा चुके हैं। इसी दौरान एक लाख 43 हजार 107 स्वस्थ भी हुए। अमेरिका में 2229 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। एक लाख 23 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। न्यूयॉर्क में सबसे ज्यादा 782 लोगों की जान गई। यहां 53 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। अमेरिकी सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और कनेक्टिकट में लोगों से अगले दो हफ्तों के लिए गैर-जरूरी यात्रा से परहेज करने के लिए कहा है। हमारे पड़ोसी देश श्रीलंका में संक्रमण से मौत का पहला मामला सामने आया है। नेपाल में लॉकडाउन 7 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है। स्विटजरलैंड में एक दिन में एक हजार से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मिले।
नेपाल : लॉकडाउन बढ़ा
नेपाल सरकार ने कोरोना संक्रमण की वजह से लॉकडाउन 7 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। रविवार को कैबिनेट की इमरजेंसी मीटिंग हुई। इसमें लॉकडाउन की मियाद बढ़ाने के अलावा कुछ और फैसले भी लिए गए। पहले 31 मार्च तक लॉकडाउन घोषित किया गया था। नेपाल सरकार ने भारत से कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कुछ दिनों पहले मदद मांगी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने समकक्ष से बातचीत की थी।
स्विटजरलैंड : एक दिन में एक हजार मामले
यहां कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां शनिवार और रविवार के बीच 1,123 नए मामले सामने आए। कुल पॉजिटव केस 14,336 हो गए हैं। यह आंकड़ा सरकार ने जारी किया। 257 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को 22 लोगों ने दम तोड़ दिया। अब तक 1 लाख 11 हजार टेस्ट किए गए हैं। 13 फीसदी पॉजिटिव रिजल्ट हैं।
श्रीलंका : पहली मौत
सरकार के मुताबिक, शनिवार को कोरोना संक्रमण से पहली मौत हुई। 60 साल के पुरुष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसको कुछ दूसरी बीमारियां भी थीं। श्रीलंका सरकार ने इस महीने की शुरुआत में ही कोरोना पर सख्त कदम उठाए थे। इसका फायदा भी हुआ। राजधानी कोलंबो समेत देश के पांच प्रमुख जिलों में 15 दिन से कर्फ्यु है। इंटरनेशनल फ्लाइट्स बंद की जा चुकी हैं। देश में कुल 107 मामले सामने आए हैं। 7 अब स्वस्थ हैं।
कनाडा: 5655 संक्रमित
प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी ग्रेगॉयर कोरोनावायरस से ठीक हो गई हैं। उन्होंने शनिवार को इसकी जानकारी दी। ट्रूडो के ऑफिस ने 12 मार्च को सोफी के पॉजिटिव होने की पुष्टि की थी। इसके बाद प्रधानमंत्री के पूरे परिवार को आइसोलेशन में रखा गया था। कनाडा में अब तक 5,655 लोग संक्रमित हैं। 60 की मौत हो चुकी है।
इटली: 3 अप्रैल को लॉकडाउन खत्म हो रहा
यूरोप में कोरोनावायरस से मौतौं का आंकड़ा 20 हजार से ज्यादा हो गया है। दस हजार से ज्यादा की मौत हो चुकी है। 92,472 लोग संक्रमित हैं। सरकार ने यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन घोषित किया था। करीब 6 करोड़ लोग घरों में कैद है। प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे लॉकडाउन बढ़ा सकते हैं।
पाकिस्तान: अब 1526 मामले
यहां 1526 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पंजाब प्रांत में सबसे ज्यादा 558 केस सामने आए हैं। सिंध में 481, खैबर-पख्तूनख्वा में 188, बलूचिस्तान में 138, गिलगित-बाल्टिस्तान में 116, इस्लामाबाद में 43 और पीओके में 2 मामलों की पुष्टि हुई है। 13 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को चीन से 8 मेडिकल टीमें पहुंचीं।