नई दिल्ली: चीन के वुहान से भारत लाए गए सभी 645 नागरिकों में कोरोनावायरस संक्रमण नहीं पाया गया। इन सभी के टेस्ट निगेटिव हैं। यह जानकारी गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। सभी लोगों को दिल्ली के छावला स्थित आईटीबीपी कैंप और मानेसर के आर्मी कैम्प में रखा गया है। इसी बीच, वायरस की नई दवा को लेकर अमेरिका और चीन के बीच फिर से ट्रेड वॉर गहराने की आशंका है। अमेरिकी कंपनी गिलियड साइंस ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए एक दवा बनाई है और इसके पेटेंट के लिए आवेदन दिया है। वहीं, चीन चाहता है कि पेटेंट उसे मिले। चीन सरकार के वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी ने पेटेंट की बात स्वीकार की है।
दुनियाभर में अब तक कोरोनावायरस से 565 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से चीन में 563 और हॉन्गकॉन्ग-फिलीपींस में 1-1 युवक की मौत हुई है। चीन में अब तक 1230 व्यक्ति संक्रमण से मुक्त हुए। हुबेई प्रांत में सबसे ज्यादा 671 जबकि थाईलैंड में 5, जापान में 1, वियतनाम में 1 व्यक्ति ठीक हुआ।
कोरोनावायरस का प्रभाव:
- डब्ल्यूएचओ ने वायरस से लड़ने के लिए दुनियाभर से 4792 करोड़ रु. दान देने की अपील की। वहीं, हॉन्गकॉन्ग की प्रमुख एयरलाइंस कंपनी कैथे पैसिफिक ने 27 हजार कर्मचारियों को 3 हफ्ते का अवैतनिक अवकाश लेने के लिए कहा। दुनिया के 47 देशों ने चीन के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से बंद की।
- कोरोनावायरस से जापान में 45, सिंगापुर में 28, थाईलैंड में 25, दक्षिण कोरिया में 23, हॉन्गकॉन्ग में 21, ऑस्ट्रेलिया में 14, जर्मनी, अमेरिका और मलेशिया में 12-12, ताइवान में 11, वियतनाम और मकाऊ में 10-10, फ्रांस में 6, कनाडा और यूएई में 5-5, भारत में 3, इटली, रूस, फिलीपींस, यूके में 2-2, नेपाल, कंबोडिया, ब्लेजियम, स्पेन, फिनलैंड, स्वीडन, श्रीलंका में 1-1 युवक संक्रमित हैं।
- चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा- हुबेई प्रांत में बुधवार को 70 लोगों की मौत दर्ज हुई। चीन में 28,035 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। बीजिंग को महामारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए 21 देशों से डोनेशन मिला है। वुहान में 11 प्रमुख स्थानों को अस्थायी अस्पताल में बदला गया है, जिससे 10,000 बिस्तरों की व्यवस्था हुई है।
- केरल देश का पहला राज्य जहां कोरोनावायरस को राज्य आपदा घोषित किया गया। केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने बुधवार को कहा- राज्य में अब तक तीन मामले सामने आ चुके हैं। चीन से अब तक राज्य में 2528 लोग पहुंचे हैं। इनमें से 2435 लोगों की घरों में और 93 की अस्पतालों में निगरानी की जा रही है। बुधवार को राज्य में 153 नए संदिग्ध मामले दर्ज किए गए और 16 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में 5 और संदिग्ध मरीज बुधवार को भर्ती हुए। इनमें एक महिला भी शामिल है। अस्पताल में भर्ती संदिग्ध मरीजों की संख्या अब 12 हो गई है। जांच के लिए सभी मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। निगरानी के लिए उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
- हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बुधवार को कहा- चीन से आने वाले 136 में से 133 नागरिक स्वस्थ हैं। अन्य तीन युवक राज्य के अलग-अलग जिलों में भर्ती हैं। इनमें दो की रिपोर्ट निगेटिव है, जबकि एक की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है।
- कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, चीन से आने वाले 87 यात्रियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें 83 लोगों को घर में ही निगरानी में रखा गया है। 74 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजी गई थी, जिसमें 52 की रिपोर्ट निगेटिव है।
- सूरत के हीरा उद्योग को 2 महीने में 8,000 करोड़ रु. का नुकसान हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि डायमंड इंडस्ट्री के लिए हॉन्गकॉन्ग बड़ा केंद्र है, पर वहां इमरजेंसी है। इससे बिजनेस बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
- राज्यसभा में केवीपी रामचंद्र राव ने गुरुवार को कहा- आंध्र प्रदेश में गुंटूर 5,000 टन तेजस किस्म की मिर्च के साथ सबसे बड़ा निर्यात बाजार है। इसका 60% सालाना चीन द्वारा आयात किया जाता है। अभी चीन ने मिर्च के आयात को रोक दिया है।