पुणे:भारत ने श्रीलंका को तीन टी-20 की सीरीज में 2-0 से हरा दिया। शुक्रवार को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 78 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने लंकाई टीम को छठी बार सीरीज में हराया। दोनों टीमों के बीच अब तक सात सीरीज हुए, जिसमें एक ड्रॉ रहा। भारत ने पुणे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 15.5 ओवर में 123 रन ही बना सकी। इस मैच के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह देश के लिए टी-20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उनके 44 मैच में 53 विकेट हो गए। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ा।
शार्दुल-मनीष ने 15 गेंद पर 37 रन जोड़े
इससे पहले भारत के लिए लोकेश राहुल और शिखर धवन ने अर्धशतकीय पारी खेली। राहुल ने 54 और धवन ने 52 रन बनाए। आखिरी ओवरों में शार्दुल ठाकुर और मनीष पांडेय ने 15 गेंद पर 37 रन की साझेदारी की। शार्दुल छह गेंद पर 22 रन और मनीष 18 गेंद पर 31 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका के बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर सनदकन को तीन सफलता मिली।
सैमसन ने साढ़े चार साल बाद वापसी की, लेकिन छह रन ही बना सके
संजू सैमसन को कप्तान कोहली की जगह तीसरे नंबर पर भेजा गया। वे 6 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पहली गेंद पर ही छक्का लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद पर हसरंगा ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया। श्रेयस अय्यर 4 रन बनाकर आउट हुए। कोहली 26 रन बनाकर रन आउट हुए। वे छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। वॉशिंगटन सुंदर (0) पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए।
धवन ने करियर का 10वां अर्धशतक लगाया
शिखर धवन 36 गेंद पर 52 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके करियर का 10वां अर्धशतक है। सनदकन की गेंद पर गुणतिलका ने उनका कैच लिया। धवन ने पहले विकेट के लिए राहुल के साथ 97 रन की साझेदारी की। राहुल ने करियर का 9वां अर्धशतक लगाया।
पंत के साथ कुलदीप और शिवम दुबे भी बाहर
इससे पहले टीम इंडिया ने तीन बदलाव करते हुए युजवेंद्र चहल, संजू सैमसन और मनीष पांडेय को टीम में शामिल किया। कुलदीप यादव, ऋषभ पंत और शिवम दुबे को आराम दिया गया। सैमसन साढ़े चार साल बाद टीम में वापस आए। उन्होंने पिछला मैच में जुलाई 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था।
भारत सीरीज में 1-0 से आगे
भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है। पहला मैच गुवाहाटी में बारिश के कारण रद्द हुआ था। वहीं, इंदौर में खेले गए दूसरे मैच में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया था। पुणे में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2016 में श्रीलंका ने भारत को यहां 5 विकेट से हराया था। वहीं, टीम इंडिया ने 2012 में इंग्लैंड को 5 विकेट से शिकस्त दी थी।