लंदन: यूके और यूरोपियन यूनियन के बीच ब्रेग्जिट की तारीख बढ़ाकर 31 जनवरी 2020 करने पर सहमति बन गई है। बेल्जियम के ब्रसेल्स में यूरोपियन काउंसिल की बैठक में सोमवार को यह फैसला हुआ। यूरोपियन यूनियन के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने कहा कि ईयू के 27 सदस्य देशों ने यूके की ब्रेग्जिट की तारीख बढ़ाने की अपील मान ली है। टस्क ने कहा कि अब वे यूके को इस बारे में लिखित जानकारी देंगे।
नए समझौतों के मुताबिक, यूके को तय तारीख के लिए फ्लेक्सिबल एक्सटेंशन (लचीली बढ़ोतरी) मिली है। इसका मतलब है कि 31 जनवरी तक यूके जब चाहे तब ईयू से बाहर हो सकता है। ब्रसेल्स में ब्रेग्जिट के समझौते के लिए ईयू की तरफ से मौजूद नेता माइकल बर्नियर ने कहा कि यह छोटी और बेहतर बैठक थी। उन्होंने ब्रिटेन को और मौके दिए जाने के फैसले पर खुशी जताई।
3 साल पहले यूके ने किया था ईयू से अलग होने का फैसला
यूके ने जून 2016 में यूरोपियन यूनियन से अलग होने का फैसला किया था। ऐतिहासिक रेफरेंडम में ब्रिटेन की जनता ने 28 देशों के यूरोपियन यूनियन से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद ईयू ने यूके को अलग होने के लिए 31 मार्च 2018 तक का समय दिया। हालांकि, तब ब्रिटिश सांसदों ने यूरोप से बाहर होने की सरकार की शर्तों को नामंजूर कर दिया था। इसके बाद ईयू ने ब्रेग्जिट की तारीख को 31 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दिया। हालांकि, संसद ने इस बार भी सरकार की शर्तों को नामंजूर कर दिया।