नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दूसरी बार मन की बात कार्यक्रम में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब किताबें ज्यादा नहीं पढ़ पाता, लेकिन लोगों से जानने का मौका जरूर मिलता है। इस वक्त देश में जल संरक्षण को लेकर प्रभावी प्रयास हो रहे हैं।
लोग जल संरक्षण के लिए जागरूक हो रहे
मोदी ने कहा, ”पिछली बार के मेरे आग्रह पर कई लोगों ने अपने द्वारा पढ़ी गई किताबों के बारे में नरेंद्र मोदी ऐप पर जानकारी साझा की है। आप पढ़ते-लिखते रहें और मन की बात के साथियों के इनके बारे में बताते रहें। जल संरक्षण आज अहम विषय है। देशभर में इसके लिए कार्य चल रहा है। रांची के कोरमा में ग्रामीणों ने श्रमदान करके पहाड़ से गिरते झरने को संरक्षित कर एक मिसाल पेश की है। आपको जानकर खुशी होगी कि मिजोरम देश का पहला राज्य है, जिसने अपनी जल नीति तैयार की है। हरियाणा सरकार ने किसानों को कम पानी वाली फसलों के लिए प्रेरित किया है।
चंद्रयान पूरी तरह से भारतीय मिशन
”आपको चंद्रयान-2 को लेकर गर्व हो रहा है। कई लोगों ने मुझसे पर बात करने का आग्रह किया है। हमने एसैट मिसाइल से अंतरिक्ष में हमले की ताकत भी हासिल की है। चंद्रयान-2 मिशन कई मायनों में अहम है। यह हमें चांद के बारे में ज्यादा जानकारियां देगा। चंद्रयान-2 से हमें विश्वास और निर्भीकता मिली है। यह पूरी तरह से भारतीय मिशन है। इसने साफ कर दिया है हमारे वैज्ञानिक सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने रिकॉर्ड समय में इसे लॉन्च किया और रुकावटों के बाद भी इसका समय नहीं बदला है। मुझे भरोसा है कि यह मिशन युवाओं को विज्ञान के प्रति प्रेरित करेगा। अब हमें सितंबर में लैंडर और रोवर के उतरने का इंतजार है।”