नई दिल्ली:जिन राज्यों में शिक्षा सुधर रही है और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो रही हैं वहां आबादी घट रही है। लेकिन पिछड़े राज्यों की स्थिति में अगले 20 सालों के बाद भी ज्यादा सुधार होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। एक आकलन के अनुसार 2041 में बिहार की आबादी में सबसे ज्यादा 24.7 फीसदी की वृद्धि होगी। तब बिहार महाराष्ट्र को पीछे छोड़ आबादी के लिहाज से देश का दूसरा बड़ा राज्य बन जाएगा। जबकि अभी उसका नंबर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद तीसरा है।
हाल में संसद में पेश किए गए आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़ों में चौंकाने वाली तस्वीर नजर आती है। जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए अच्छा कार्य करने वाले राज्यों में आबादी तेजी से घट रही है। लेकिन उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान तथा मध्य प्रदेश जैसे राज्यों की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। जबकि आंध्र प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, तेलंगाना, महाराष्ट्र और यहां तक कि पश्चिम बंगाल की आबादी की रफ्तार धीमी हो जाएगी।
ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत में इजाफा, अब 500 किलोमीटर तक दुश्मन मार गिराएगा
रिपोर्ट के अनुसार, 2021-41 के दौरान बिहार की आबादी में 24.7 फीसदी का इजाफा होगा और वह 15 करोड़ पार कर जाएगी। इस अवधि में झारखंड में 18.8 फीसदी की रफ्तार से आबादी बढ़ेगी और वह 4.46 करोड़ तक पहुंच जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, 2021-41 के बीच देश में 12.1 फीसदी आबादी का इजाफा होगा जबकि यूपी 17.3, राजस्थान में 17.8 मध्य प्रदेश में 15 फीसदी आबादी बढ़ेगी। कुल नौ राज्यों में आबादी राष्ट्रीय औसत से ज्यादा गति से बढेगी।
आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण राज्यों में आबादी में वृद्धि में मामूली इजाफे का रुझान है। जैसे 2021-41 के बीच तमिलनाडु की आबादी सबसे कम 2 फीसदी, आंध्र प्रदेश की 3.4 फीसदी, कर्नाटक की 4.7, पंजाब की 5.4, महाराष्ट्र की 5.8, केरल की 6.4, पश्चिम बंगाल की 6.5 तथा तेलंगाना की 7.4 फीसदी ही बढ़ेगी। एकमात्र राज्य तमिलनाडु है जिसकी आबादी 2031 के बाद घटना शुरू हो जाएगी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जिन राज्यों की आबादी घट रही है। वहीं अब वरिष्ठ नागरिकों की आबादी में इजाफा हो रहा है। ऐसे राज्यों की आबादी का पांचवा हिस्सा बुजुर्गों का हो रहा है। वहां युवा आबादी का प्रतिशत कम हो रहा है। इसलिए अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों के समक्ष नई किस्म की चुनौतियां हैं जिसके लिए उन्हें विशेष प्रबंध करने होंगे।
* महाराष्ट्र को पीछे छोड़ उत्तर प्रदेश के बाद सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य बन जाएगा बिहार
* आर्थिक सर्वे 2018-19 से हुआ खुलासा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में धीमी हो जाएगी रफ्तार
राज्य आबादी वर्ष 2041
उत्तर प्रदेश 26.90 करोड़
बिहार 15.34 करोड़
महाराष्ट्र 12.76 करोड़
प. बंगाल 10.42 करोड़
मध्यप्रदेश 9.49 करोड़