नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 या 8 जून को मालदीव दौरे पर जा सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दोबारा सरकार के गठन के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। अपने पहले कार्यकाल के दौरान मोदी ने 55 महीने में 93 बार (इसमें एक ही देश के दो या उससे ज्यादा दौरे भी शामिल हैं) विदेश यात्राएं की थीं।
मनमोहन ने 10 साल में किए थे 93 विदेश दौरे
नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बराबरी की है। मनमोहन सिंह ने 10 साल में 93 विदेश दौरे किए थे। हालांकि, मोदी इस मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से पीछे हैं, उन्होंने 16 साल में 113 विदेश दौरे किए थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 48 विदेशी दौरे किए, जबकि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू 1947 से लेकर 1962 के बीच 68 बार विदेशी दौरे पर गए।
मोदी सबसे ज्यादा 5 बार अमेरिका गए
मोदी पांच साल में कुल 49 बार विदेश के लिए रवाना हुए। इस दौरान वह 93 देश (इनमें 2 या उससे ज्यादा दौरे भी) गए। इनमें 41 देश ऐसे रहे, जहां वे एक बार गए। 10 देशों में वे दो बार गए। फ्रांस और जापान में तीन-तीन बार गए। रूस, सिंगापुर, जर्मनी और नेपाल चार-चार बार गए। जबकि चीन और अमेरिका पांच-पांच बार गए।
मोदी की यात्रा पर 2021 करोड़ रु. खर्च हुए
मोदी इस साल फरवरी में दक्षिण कोरिया की यात्रा पर गए थे। इससे पहले उन्होंने 92 दौरे किए, जिन पर कुल 2021 करोड़ रुपए खर्च हुए। यानी एक यात्रा पर औसतन 22 करोड़ रुपए खर्च हुए। यूपीए-1 सरकार में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 50 विदेश दौरों पर 1350 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। यानी उनकी एक यात्रा पर औसतन 27 करोड़ रुपए खर्च हुए थे।
30 मई को शपथ लेंगे मोदी
नरेंद्र मोदी 30 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में शाम 7 बजे मोदी के साथ केंद्रीय मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। एनडीए के इस बार 352 सांसद हैं। इनमें से 303 अकेले भाजपा के हैं। सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में कहा था कि लोगों के लिए काम करने में हम एक पल भी नहीं गंवाएंगे। उन्होंने कहा था- देश ने मुझे बड़ा जनादेश किया है।