पुणे:महाराष्ट्र के पुणे शहर में 31 वर्षीय शख्स जानी-मानी वैश्विक फास्ट फूड कंपनी की एक दुकान में बर्गर खाकर जख्मी हो गया। बर्गर में कांच के टुकड़े थे। पीड़ित ने इसे संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत पर पुलिस ने बर्गर किंग के एरिया मैनेजर, स्टोर मैनेजर और सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ऑटो रिक्शा चालक साजिद पठान ने रविवार को डेक्कन जिमखाना पुलिस को शिकायत दी। इसमें बताया कि 15 मई को वह दोस्तों के साथ भोजन के लिये फर्ग्यूसन रोड स्थित बर्गर किंग की दुकान गया था। वहां उसने बर्गर, फ्राइज और कोल्ड ड्रिंक मंगाया। उसने जैसे ही बर्गर का पहला निवाला खाया, उसे गले में कुछ फंसा महसूस होने के साथ तेज दर्द हुआ। जब उसने निवाला थूका तो उसके मुंह से खून निकला। हाथ में बचे बर्गर को जांचा तो उसके अंदर कांच के टुकड़े थे। पीड़ित का दावा है कि कांच का कुछ टुकड़ा उसके पेट में चला गया है, जिसका वह इलाज करा रहा है। उधर, बर्गर किंग ने बयान में कहा, ‘हमलोग कड़ी गुणवत्ता प्रक्रिया का पालन करते हैं। उत्पाद को कई स्तर पर जांचा-परखा जाता है। हम अतिथियों की शिकायतों को अत्यंत महत्व देते हैं। इस शिकायत के संदर्भ में जांच की जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों को भी जांच में भी पूरा सहयोग कर रहे हैं।