नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कार पर हमले की खबर है। यह हमला दिल्ली के नरेला इलाके में हुआ है। हमले के दौरान केजरीवाल किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नरेला जा रहे थे। आम आदमी पार्टी ने इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों का खंडन किया है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नरेला विधानसभा क्षेत्र की अनधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्य का शुभारंभ करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान केजरीवाल का कथित भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव कर लिया। घेराव में करीब तीन सौ कार्यकर्ताओं के स्वतंत्र नगर के पास खड़े होने की बात सामने आ रही है, जहां से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना था।
शाम करीब सवा चार बजे जैसे ही केजरीवाल का काफिला स्वतंत्र नगर मोड की तरफ मुड़ा कथित भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल हाय-हाय के नारे लगाने शुरू कर दिए। करीब दस मिनट तक मुख्यमंत्री के काफिले को वहीं पर रुकना पड़ा। कथित भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व जिलाध्यक्ष नीलदमन खत्री कर रहे थे। आप की तरफ से मुख्यमंत्री की कार पर पत्थराव किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, नीलदमन खत्री ने इस बात से साफ इनकार किया है।
मिली थी जान से मारने की धमकी
इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी भी मिली थी। इसमें आरोपी की पहचान विनीज गुलाटी के रूप में हुई है। प्रॉपर्टी विवाद के चलते चाचा को फंसाने के लिए उसने कैलिफोर्निया की एक ट्रैवल एजेंसी से यह फोन किया था। आरोपित इसी एजेंसी में चालक है। स्पेशल सेल ने एजेंसी को ईमेल भेजकर आरोपित को भारत भेजने के लिए कहा है। इस मामले में विदेश मंत्रालय का भी सहयोग लिया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल की कार पर हमला, AAP ने भाजपा पर लगाया आरोप
Leave a comment
Leave a comment