नई दिल्ली:भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। स्वामी ने कहा कि प्रियंका को एक बीमारी है, जो सार्वजनिक जीवन में अनुकूल और उपयुक्त नहीं है। उसको बाईपोलैरिटी कहते हैं, यानी उसका हिंसावादी चरित्र दिखाई पड़ता है। लोगों को पीटती है।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने इसके साथ ही कहा कि पब्लिक को पता होना चाहिए कि प्रियंका गांधी कब संतुलन खो बैठेंगी, किसी को पता नहीं है।
प्रियंका गांधी पर कई विवादास्पद टिप्पणियां
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पूर्वी यूपी का प्रभार सौंपा है। प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने के ऐलान के बाद से ही इसे लेकर सियासी बयानबाजी का दौर जारी है। इस बीच भाजपा के कई नेताओं ने कई विवादास्पद टिप्पणियां भी कीं और स्वामी की इस टिप्पणी को उसी कड़ी में देखा जा रहा है।
इससे पहले बिहार सरकार में भाजपा के मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा था कि सुंदर चेहरे से वोट नहीं मिल सकते। वह रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं जो जमीन घोटाले और भ्रष्टाचार केस के आरोपी हैं। वह बहुत सुंदर है मगर उनकी कोई राजनीतिक उपलब्धि नहीं है। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी प्रियंका पर बड़ा हमला करते हुए कहा था कि एक दागी जीवनसाथी वाली महिला को लांच करने से अगर कांग्रेस खुश है तो उन्हें यह खुशी मुबारक।
शुक्रवार को कैलाश विजयवर्गीय ने प्रियंका का एक पुराना वीडियो साझा करते हुए लिखा था कि यह वीडियो जैसा मिला वैसा ही साझा कर रहा हूं। वीडियो में प्रियंका गांधी खुद को बरसाती मेंढक कहती हुई दिख रही हैं। वह इस बात को स्वीकार करती हुई दिख रही हैं कि वह केवल चुनाव के मौसम में संचालन के लिए आती है। सोलह सेकेंड के इस वीडियो को अबतक हजारों लोग देख चुके हैं। प्रियंका नेहरू-गांधी परिवार की 12वीं सदस्य हैं जो अपनी सियासी पारी का आगाज करने वाली हैं।
प्रियंका गांधी को है बीमारी, लोगों की करती हैं पिटाई: स्वामी
Leave a comment
Leave a comment