मुंबई। भारत युवाओं का देश है और देश के विकास में इन युवाओं की अहम भूमिका है। लेकिन देश में इस युवा शक्ति की उपेक्षा से काम नहीं चलेगा। यह बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने शनिवार को दादर स्थित तिलक भवन में आयोजित महाराष्ट्र प्रदेश यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं की घोर उपेक्षा करते हुए उन्हें धोखा देने का काम कर रही है।ऐसे में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतर कर मोदी सरकार से बढ़ती बेरोजगारी समेत अन्य सवालों पर जवाब मांगना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता का गलत इस्तेमाल कर रही है। बीजेपी चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। भाजपा समाज में अराजकता फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भाजपा के इस विनाशकारी अभियान को रोकने के लिए वे पूरी ताकत से सड़कों पर उतर कर लड़ें। सभी यूथ कार्यकर्ताओं को भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देते हुए कांग्रेस के विचार को जन- जन तक पहुँचाने के मिशन में लग जाना चाहिए।
महाराष्ट्र प्रदेश यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पटोले ने कहा कि आगे कहा कि देश में पिछले 45 सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन कोई नौकरी नहीं दी गई। भाजपा और मोदी ने युवाओं के नौकरी के सपनों पर पानी फेर दिया है। अग्निवीर जैसी भर्ती योजना लाकर युवाओं के साथ-साथ देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया है। युवाओं को रोजगार देने में भाजपा सरकार विफल रही है। भाजपा और नरेंद्र मोदी ने युवाओं को धोखा देकर फंसाने का काम किया है। महाराष्ट्र सरकार ने भी भर्ती की घोषणा की लेकिन उसे पूरा नहीं किया। भर्ती के नाम पर युवाओं को सिर्फ धोखा दिया जा रहा है। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा को लेकर भी माहौल निराशाजनक है। पटोले ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर यूथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सरकार से इन सभी सवालों का जवाब मांगना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत से कांग्रेस में जोश भर गया है, लेकिन बड़ी जीत हासिल करने के लिए लगातार प्रयास जारी रखे जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता यदि राजनीति में सफल होना चाहते हैं तो उन्हें संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा । पटोले ने कहा कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव यूथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओ के लिए बड़ा मौका है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकालकर दुनिया को एक बड़ा संदेश दिया है। यूथ कांग्रेस को भी इस संदेश को घर-घर तक ले जाएं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश और राज्य में कांग्रेस की सत्ता को वापस लाने के लिए अगर यूथ कांग्रेस दृढ़ संकल्प से काम करती है तो हमारे नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती है।
यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. वी श्रीनिवास, प्रभारी कृष्णा अलवुरु, महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुणाल राउत और जितेन्द्र सिंह समेत प्रदेश भर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
महाराष्ट्र प्रदेश यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक तिलक भवन में संपन्न
Leave a comment
Leave a comment