नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार कहा कि जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में आर्थिक प्रगति की असीम संभावनाओं का एक ‘ब्राइट स्पॉट’ यानी चमकीला बिन्दु बन कर उभरा है वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली ‘ब्लैक स्पॉट’ बन गयी है।
श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज यहां दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पॉकेट -5 में दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय के नये भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास के बाद समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद मनोज तिवारी सहित दिल्ली प्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। इससे पहले भूमिपूजन के मौके पर एक हवन का आयोजन किया गया जिसमें श्री सचदेवा ने मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया।