मुंबई। श्री जैन श्वे. ते. सभा,मुंबई के तत्वावधान में ग्रेटर मुंबई में एक साथ उत्थान का शंखनाद आज दिनांक 24 जुलाई 2022 को हुआ। तेरापंथ भवन कांदिवली के आचार्य श्री महाप्रज्ञ सभागार के पावन परिसर में उत्थान का आयोजन पूर्ण भव्यता के साथ हुआ। कांदिवली एवं मलाड तेरापंथी सभा एवं सभी संघीय संस्थाओं द्वारा युग प्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी सुशिष्या साध्वी श्री निर्वाण श्री जी के सान्निध्य में उत्थान का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के मंत्रोच्चार द्वारा हुआ।
उपस्थित श्रावक समाज को आह्वान करते हुए विदुषी साध्वी श्री निर्वाणश्री जी ने कहा -” उत्थान का अर्थ है ऊपर चढ़ना, जीवन में प्रगति के नये सोपान चढ़ना। अध्यात्म के नए आयाम को छूना और उसकी ऊंचाई तक पहुंचना जीवन का लक्ष्य बने। सक्सेस, एनर्जी, प्रोग्रेस आदि के लिए अध्यात्म चेतना को जगाना बहुत जरूरी है। साध्वी श्री ने आध्यात्मिक चेतना के जागरण के बहुत सुंदर प्रयोग करवाए।”
मुख्य वक्ता साध्वी श्री डॉ योगक्षेम जी ने अपने प्रेरक वक्तव्य में कहा -” आज का यह कार्यक्रम त्रिआयामी है। जीवन में नव विकास के शिखर पर आरोहण की तैयारी करनी है। महाश्रमण जैसे युगपुरुष का आगमन शताब्दी में एक-दो बार ही होता है।
साध्वी लावण्य प्रभा आदि साध्वीओं ने समवेत स्वरों में “करलो जीवन में उत्थान” गीत के बोलों से सब में नया जोश भर दिया। उत्थान की मुख्य संप्रेरक तरुणा बोहरा ने अपने प्रेरक संभाषण में अनेक नए पहलुओं को उजागर करते हुए किशोर पीढ़ी को मोटिवेट किया।
“जागो मुंबई जागो” गीत की सुंदर प्रस्तुति कन्या मंडल की कन्याओं ने की। तेरापंथी सभा कांदिवली के अध्यक्ष श्री पारस जी दूगड़ ने सारगर्भित वक्तव्य दिया। श्री तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन के मंत्री मनीष कोठारी ने प्रासंगिक अभिव्यक्ति दी। मधुर संगायिका भारती सेठिया ने “नव उत्कर्ष वरें हम बंधु” गीत की मधुर स्वर लहरी प्रस्तुत की। मंच संचालन सभा के मंत्री अशोक जी हिरण ने किया। इस अवसर पर गोरेगांव मलाड, बोरीवली,अंधेरी आदि क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
प्रमोद सूर्या