विवादों में संगीतकार इलैयाराजा की किताब
चेन्नई। तमिलनाडु के संगीतकार इलैयाराजा की किताब अंबेडकर एंड मोदी पर बवाल हो गया है। दरअसल, इलैयाराजा ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना डॉ. बीआर अंबेडकर से की है। इस पर DMK और कांग्रेस उनके खिलाफ हो गए हैं। हालांकि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इलैयाराजा का बचाव किया है। नड्डा ने कहा कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोग भारत के सबसे बड़े संगीतकारों में से एक को अपमानित कर रहे हैं। इसकी वजह यह है कि उनके विचार एक राजनीतिक दल के लिए सही नहीं हैं। नड्डा ने पूछा, ‘क्या यही लोकतंत्र है? हर किसी के अपने विचार हो सकते हैं, इस पर उनका अपमान क्यों करना? नड्डा ने इस दौरान ऑस्कर विजेता संगीतकार ए आर रहमान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में ए आर रहमान ने अमित शाह के हिंदी को एकीकृत भाषा के रूप में बोले जाने के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी। रहमान ने कहा था कि तमिल को देश में लिंक भाषा होना चाहिए। इस पर उनकी प्रशंसा की जा रही है। नड्डा ने कहा कि दोनों ही संगीतकारों की अपनी-अपनी सोच है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 78 साल के इलैयाराजा को दुनिया भर में उनके संगीत के लिए कई नामों से जाना जाता है, जैसे कि ‘उस्ताद,’ इसाइगनी’ (संगीत के संत), लेकिन इन नामों ने उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल होने से नहीं बचाया।