नई दिल्ली:दुनिया में बीते दिन 20.18 लाख नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। 22.29 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 7,617 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है। यहां 2.74 लाख केस मिले हैं। भारत 1.67 लाख मरीजों के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं, रूस 1.24 लाख मरीजों के साथ तीसरे नंबर पर है।
संक्रमण से एक दिन में सबसे ज्यादा 1,192 मौतें भारत में हुई है। अमेरिका में 1,153 और फ्रांस में 348 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस में भी अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 7.31 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से अकेले 2.29 करोड़ अमेरिका में हैं। अब तक 37.77 करोड़ से ज्यादा लोग महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.88 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 56.91 लाख ने जान गंवाई है।
इस बीच, अमेरिकी हेल्थ एजेंसी CDC( सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन) ने करीब 12 देशों में यात्रा को लेकर चेतावनी जारी की है। इन देशों में मेक्सिको, ब्राजील, सिंगापुर, इक्वाडोर, कोसोवो, फिलीपींस और पराग्वे सहित 5 अन्य देश शामिल हैं।
CDC ने सोमवार को बताया कि हमारी लिस्ट में अब तक कुल 130 देश शामिल किए गए हैं, जहां कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से ट्रैवल करना सुरक्षित नहीं है। सोमवार को एंगुइला, फ्रेंच गुएयना, मोल्दोवा, सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस को लिस्ट में शामिल किया गया। अमेरिका ने ओमिक्रॉन के खतरे की वजह से 15 दिसंबर के बाद इस लिस्ट में 60 से अधिक देशों को जोड़ा है।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 37.77 करोड़
ठीक हुए: 29.88 करोड़
एक्टिव केस: 7.31करोड़
कुल मौतें: 56.91 लाख