नई दिल्ली:कर्नाटक में ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले 2 लोगों में से एक व्यक्ति लापता है। राज्य सरकार ने बताया कि एक निजी लैब से कोविड निगेवटिव सर्टिफिकेट मिलने के बाद से वह शख्स लापता है। प्रशासन उन 10 और लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है जो हवाईअड्डे से लापता हो गए थे।
कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने ओमिक्रॉन पर शुक्रवार को टॉप अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जाना चाहिए। वहीं, बेंगलुरु महानगरपालिका के कमिश्नर गौरव गुप्ता ने बताया कि सभी लापता विदेशी नागरिक दक्षिण अफ्रीकी देशों से आए हैं। फिलहाल इनके फोन बंद हैं। इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जो पता बताया, उस पर भी ये नहीं मिले हैं।
अपडेट्स…
देश में बीते 24 घंटे में 8,603 नए कोरोना केस मिले
देश में बीते 24 घंटे में 8,603 नए कोरोना केस मिले और 415 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 8,190 लोग महामारी को मात देकर रिकवर हुए। फिलहाल एक्टिव मामलों की संख्या 99,974 है। देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 1.26 अरब लोगों को वैक्सीन लग चुकी है।
BMC ने होम क्वारैंटाइन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की
मुंबई में BMC ने होम क्वारैंटाइन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक हर दिन सुबह एयरपोर्ट CEO 24 घंटे में रिस्क और हाई रिस्क कंट्री से आने वाले लोगों की डिटेल्स डिजास्टर मैनेजमेंट को भेजेगा। डिजास्टर मैनेजमेंट उस लिस्ट को वार्ड ऑफिसर और कोविड वॉर रूम को भेजेंगे। कोविड वॉर रूम दिन में 5 बार पैसेंजर की हेल्थ की जानकारी लेंगे। वार्ड ऑफिसर सोसायटी के सेक्रेटरी को होम क्वारैंटाइन वाले व्यक्ति को लेकर नोटिस जारी करेंगे और उनके घर विजिटर जाने की मनाही करेंगे। डॉक्टर्स की टीम हर दिन चेकअप करने जाएगी।
मैनपुरी के सैनिक स्कूल में 5 बच्चे कोरोना पॉजिटिव
UP के मैनपुरी में सैनिक स्कूल के 5 बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन बच्चों को स्कूल में ही क्वारैंटाइन कर दिया गया है। इनके परिजनों को खबर दे दी गई है। 5 बच्चों के संक्रमित मिलने के बाद सभी 85 बच्चों की एंटीजन जांच कराई गई, बाकी सभी बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई। संक्रमित मिले बच्चों में तीन आगरा, एक मैनपुरी और एक चंदौली का रहने वाला है। हालांकि, इनमें किसी में भी लक्षण नजर नहीं आए हैं। स्वास्थ्य विभाग इन बच्चों की ट्रैवल हिस्ट्री चेक कर रहा है।
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के संदिग्ध मामलों की संख्या 30 हुई
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के संदिग्ध मामलों की संख्या 30 हो गई है। शुक्रवार को 2,821 यात्री हाई-रिस्क देशों से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरे। RT-PCR टेस्ट में 2 लोगों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। 11,060 यात्री अन्य देशों से मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे, जिनमें से 224 का कोरोना टेस्ट हुआ। इनमें से एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 30 सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।
MP में नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा
मध्य प्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए IAS सर्विस मीट को स्थगित कर दिया गया है। यह मीटिंग भोपाल में 17 से 19 दिसंबर के बीच होनी थी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करने वाले थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष और अपर मुख्य सचिव आईपीसी केसरी ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट के फैलने की आशंका को ध्यान में रख कर मीटिंग को स्थगित किया गया। केसरी ने आयोजन को टालने की सलाह दी थी।
बेंगलुरु में डॉक्टर्स की कॉन्फ्रेंस में शामिल हुआ ओमिक्रॉन संक्रमित डॉक्टर
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 19-21 नवंबर के बीच हुई इंटरनेशनल मेडिकल कॉन्फ्रेंस ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, वन स्टार होटल में हुई इस कॉन्फ्रेंस में शामिल तीन डॉक्टर्स कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से एक व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित है। उन्होंने 20 नवंबर को कुछ घंटे के लिए कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था। इसके अगले ही दिन उनमें संक्रमण के लक्षण दिखने लगे। ऐसे में इस बैठक में शामिल दूसरे लोगों के भी संक्रमित होने की आशंका है।
एट रिस्क देशों से आने वाले 16 हजार यात्रियों में 18 कोरोना पॉजिटिव
एट रिस्क देशों से आने वाले अब तक 58 फ्लाइट्स के 16000 यात्रियों का RT-PCR टेस्ट किया गया है। इनमें 18 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनकी रिपोर्ट जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजी गई है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को लोकसभा में इसकी जानकारी दी। जिन 11 देशों को एट रिस्क कैटेगरी में रखा गया है उनमें यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, चीन, जिम्बाब्वे, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, हांगकांग, सिंगापुर और इजराइल शामिल हैं।