मुंबई:शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी सरकार महाराष्ट्र में अगले 25 साल तक सत्ता में रहेगी। दरअसल महाराष्ट्र बीजेपी अक्सर यह दावा करती है कि यहां कि महा विकास अघाड़ी सरकार जल्दी ही बिखर जाएगी। इसका जवाब देते हुए शिवसेना नेता ने कहा कि यह सरकार अगले 25 साल तक रहेगी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार के साथ हुई एक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिवसेना सांसद ने अमरावती हिंसा और महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
महाराष्ट्र में शिवसेना के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार में एनसीपी अहम हिस्सेदार है। कांग्रेस पार्टी इस गठबंधन की तीसरी पार्टनर है। संजय राउत ने महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के उस कमेंट पर अपनी बात रखी जिसमें उन्होंने कहा था कि एमवीए का गठबंधन जल्द खत्म हो जाएगा। राउत ने कहा कि उन्हें नींद से जगना चाहिए। सरकार 28 नवंबर को अपनी दूसरी वर्षगांठ पूरी करेगी।
राउत ने भाजपा नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि चंद्रकांत पाटिल करीब 28 बार यह बात कह चुके हैं। महराष्ट्र में महा-विकास अघाड़ी सरकार 25 साल तक रहेगी। मैं यहां पावर सेंटर में खुद खड़ा हूं। संजय राउत ने अमरावती हिंसा और एमएसआरटीसी कर्मचारियों के हड़ताल का जिक्र करते हुए कहा कि सभी लोगों को पता है कि इनके पीछे कौन हैं और ऐसा क्यों हुआ। एमएसआरटीसी के मुद्दे पर आग में तेल कौन डा रहा है। हमें इसके बारे में जानकारी है।