बेंगलुरु। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ एवं बेंगलुरु साउथ के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वयं वी कनेक्ट’ प्रथम महिला व्यवसाय रेफरल समूह का द्वितीय एवं ‘जेबीएन वी प्रीनर्स’ का प्रथम अंतर-अध्याय (इंटर चेप्टर) रेफरल बैठक जीतो बेंगलुरु नॉर्थ कार्यालय में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक पाठ से हुआ। बैठक में दोनों अध्यायों की महिला उद्यमियों ने 30-सेकंड के व्यावसायिक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अपने-अपने व्यवसाय का परिचय दिया तथा व्यावसायिक नेटवर्किंग और रेफरल सहयोग को नई दिशा प्रदान की।
बैठक की मुख्य वक्ता राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं प्रेरक वक्ता श्रीमती नमिता दुगर ने कहा कि सशक्तिकरण का आधार संतुलन, लचीलापन और परिवर्तन को स्वीकार करने का साहस है। प्रत्येक चुनौती नए अवसर लेकर आती है तथा प्रत्येक महिला में अपने परिवार के साथ समाज का नेतृत्व करने और उसे नई दिशा देने की क्षमता होती है। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ 30-सेकंड प्रस्तुति के लिए श्रीमती लीला पितलिया, सर्वाधिक व्यवसाय दिलाने के लिए श्रीमती सुशीला श्रीश्रीमाल तथा सर्वाधिक रेफरल देने के लिए श्रीमती चंद्रा मेहता को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ की अध्यक्षा श्रीमती लक्ष्मी बाफना ने राष्ट्रीय जीतो लेडीज़ विंग समीक्षा-2026, हरिद्वार में ‘स्वयं’ वर्टिकल के अंतर्गत बेंगलुरु नॉर्थ को प्राप्त Outstanding Winner Award की जानकारी देते हुए इस उपलब्धि का श्रेय स्वयं वर्टिकल की संयोजिका श्रीमती तनुजा मेहता, वर्तमान एवं पूर्व नेतृत्व टीम तथा सभी समर्पित सदस्यों को दिया। वहीं जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु साउथ की अध्यक्षा श्रीमती बबीता रायसोनी ने कहा कि ऐसी अंतर-अध्याय बैठकें व्यवसाय के साथ-साथ आपसी संबंधों को भी मजबूत बनाती हैं तथा सहयोग की भावना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती हैं। जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ की मुख्य सचिव श्रीमती रक्षा छाजेड ने कहा कि प्रत्येक रेफरल विश्वास का प्रतीक है और प्रत्येक सदस्य इस मंच की सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी है।
वहीं वी प्रिन्यूर्स समूह से 30 सेकंड पिच के लिए प्रीति मरलेचा को, सर्वाधिक व्यवसाय देने के लिए सीमा जैन को एवं सर्वाधिक रेफरल देने लिए निशा कोठारी को भी सम्मानित किया गया। बैठक का संचालन एवं समन्वय ‘स्वयं वी कनेक्ट’ की रेफरल प्रमुख सीए सुखदेवी सी. जैन एवं श्रीमती प्रज्ञा सेठी तथा रेफरल सचिव सुश्री मोक्षा सोलंकी ने किया। जेएलडब्ल्यू बेंगलुरु नॉर्थ की उपाध्यक्षा श्रीमती सुमन मेहता, सहमंत्री श्रीमती मीना बडेरा, श्रीमती सुमन रांका, कोषाध्यक्षा श्रीमती तनुजा मेहता तथा श्रीमती केजल छाजेड़ (रेफरल लीड) सहित उनकी टीम की सक्रिय भागीदारी रही। वहीं जेबीएन वी प्रीनर्स की रेफरल प्रमुख श्रीमती मितु जैन एवं श्रीमती तृप्ति जैन, रेफरल सचिव सुश्री मिलोनी शाह, जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु साउथ की कोषाध्यक्षा श्रीमती संगीता पारेख तथा स्वयं संयोजिका श्रीमती निशा कोठारी की उपस्थिति रही। इस अवसर पर जेएलडब्ल्यू बेंगलुरु नॉर्थ की समिति सदस्य श्रीमती मोना आंचलिया, श्रीमती बिंदु नाहर एवं श्रीमती संगीता नागोरी भी उपस्थित रहीं। अंत में श्रीमती निशा कोठारी ने आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
अंतर-अध्याय रेफरल बैठक में महिला उद्यमियों ने बढ़ाए व्यावसायिक सहयोग के कदम

