मुंबई। अंधेरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 और 9 पर लिफ्ट व एस्केलेटर की कमी को लेकर यात्रियों द्वारा उठाई गई समस्या अब रेलवे प्रशासन तक पहुंच चुकी है। इस मुद्दे पर खबर प्रकाशित होने के बाद यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे सेवा को टैग करते हुए अपनी मांग रखी।
इस पर वेस्टर्न रेलवे के अंतर्गत डीआरएम मुंबई सेंट्रल कार्यालय की ओर से जवाब देते हुए कहा गया कि “प्लेटफॉर्म नंबर 8/9 की चौड़ाई पर्याप्त नहीं होने के कारण वहां लिफ्ट या एस्केलेटर लगाना तकनीकी रूप से संभव नहीं है। असुविधा के लिए खेद है।”
रेलवे के इस जवाब के बाद यात्रियों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां एक ओर रेलवे ने तकनीकी सीमाओं का हवाला दिया है, वहीं दूसरी ओर यात्रियों का कहना है कि अंधेरी जैसे अत्यंत व्यस्त स्टेशन पर इस तरह की समस्या का स्थायी समाधान ढूंढना जरूरी है। विशेषकर बुजुर्ग, महिलाएं और बाहरगांव से आने वाले यात्री भारी सामान के साथ सीढ़ियों का उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों का सुझाव है कि यदि प्लेटफॉर्म की चौड़ाई में बाधा है, तो वैकल्पिक उपायों पर विचार किया जाना चाहिए, जैसे—फुटओवर ब्रिज का विस्तार, प्लेटफॉर्म का पुनर्विकास, या गोखले ब्रिज से सीधा कनेक्टिविटी विकल्प विकसित करना। साथ ही प्लेटफॉर्म तक बैटरी ऑपरेटेड कार्ट या अन्य सहायक सुविधाएं भी शुरू की जा सकती हैं।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों का मानना है कि केवल “तकनीकी रूप से संभव नहीं” कहकर समस्या को समाप्त नहीं किया जा सकता, बल्कि अंधेरी स्टेशन की बढ़ती भीड़ और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए दीर्घकालिक समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में कोई व्यावहारिक और स्थायी समाधान जरूर निकालेगा, जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिल सके।
अंधेरी स्टेशन: प्लेटफॉर्म 8-9 पर लिफ्ट-एस्केलेटर की मांग पर रेलवे का जवाब, तकनीकी अड़चन बताई

