वॉशिंगटन:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि 300 अरब डॉलर (21 लाख करोड़ रुपए) के अतिरिक्त चाइनीज इंपोर्ट पर 1 सितंबर से 10% शुल्क (इंपोर्ट टैरिफ) लगाएंगे। व्यापार विवाद निपटाने के लिए दोनों देशों के बीच इसी हफ्ते वार्ता शुरू हुई थी। इसी बीच ट्रम्प ने नए शुल्क का ऐलान कर दिया। इससे अमेरिका समेत दुनियाभर के प्रमुख शेयर बाजारों में गिरावट आ गई।
ट्रम्प ने कहा- चीन से डील होने तक टैक्स लेते रहेंगे
ट्रम्प ने कहा कि चीन को अब अपना वर्षों पुराना रवैया बदलना चाहिए। टैरिफ के जरिए वह हर साल अमेरिका से अरबों डॉलर का फायदा ले रहा है। अगर वे हमारे साथ व्यापार जारी नहीं रखना चाहते तो अच्छा ही है। हमें काफी फायदा होगा। इससे पहले मई में अमेरिका ने चीन के 250 अरब डॉलर के आयात पर शुल्क 10% से बढ़ाकर 25% कर दिया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया है कि चीन पर टैरिफ लगाने से अमेरिका में महंगाई नहीं बढ़ेगी। ट्रम्प ने कहा- हमारे उपभोक्ता प्रभावित नहीं होंगे बल्कि चीन को नुकसान होगा। ट्रम्प के ऐलान से एक दिन पहले ही अमेरिकी अधिकारी बीजिंग से लौटे थे। उन्होंने कहा था कि चीन से वार्ता जारी रहेगी। सितंबर में अगली बैठक होगी। लेकिन, ट्रम्प ने कहा कि डील होने तक हम चीन से टैक्स वसूलेंगे। वहां के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तेजी नहीं दिखा रहे हैं।
अमेरिका-चीन के बीच पिछले साल मार्च से ट्रेड वॉर चल रहा है। दोनों देश एक-दूसरे के अरबों डॉलर के आयात पर शुल्क लगा चुके हैं। पिछले साल नवंबर में वार्ता शुरू हुई लेकिन, इस साल अप्रैल में टूट गई। पिछले दिनों जी-20 में ट्रम्प और जिनपिंग मिले तो फिर से वार्ता शुरू हुई लेकिन, ट्रम्प का कहना है कि वे अब डील होने तक का इंतजार नहीं कर सकते।

