अहमदाबाद-उत्तर। साध्वी श्री अणिमाश्रीजी के सान्निध्य में नवनिर्मित मोटेरा के तेरापंथ भवन में अहमदाबाद- उत्तर तेरापंथ युवक परिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। यह गरिमामय कार्यक्रम अभातेयुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवनजी मांडोत, महामंत्री श्री सौरभजी पटावरी श्री मुकेशजी गुगलिया, श्री अशोकजी लूणिया, अपूर्वभाई मोदी आदि की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवनजी मांडोत ने अपने महामंत्री के साथ मिलकर अहमदाबाद उत्तर तेयुप के नवमनोनीत अध्यक्ष श्री दिलीप भंसाली को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। अध्यक्ष दिलीप भंसाली ने अपने पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। पूरी परिषद ने ओम-अर्हम् के साथ सबका स्वागत किया। साध्वी श्री अणिमाश्रीजी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा- सम्पूर्ण अध्यात्म जगत में हमारा तेरापंथ धर्मसंघ अलबेला है। अलबेला इसलिए कि यह संघ एक आचार्य के नेतृत्व में विकास के प्रांशु शिखरों पर आरोहण कर रही है। संघ के आचार्य अपने श्रम-सीकरों से संघ को सिंचन देकर संघ की धरती पर गुलाब खिला रहे हैं एवं अपनी कृपा दृष्टि से खिलते गुलाबों में सौरभ का संचार कर रहे हैं। हमारे धर्मसंघ के खिलते गुलाबों में एक नाम है अ.भा.ते.यु.प. का। अभातेयुप अपनी शाखा परिषदों के माध्यम से संघ में अपने कर्तृत्व के नए पद चिन्ह अंकित कर रही है। अहमदाबाद-उत्तर परिषद अभातेयुप की नवोदित परिषद है।
भाई दिलीप भंसाली इस परिषद के पहले अध्यक्ष बने हैं और उन्हें अपनी टीम के साथ चारित्रात्माओं की सन्निधि में राष्ट्रीय अध्यक्ष से शपथ ग्रहण करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। साध्वी श्रीजी ने कहा – हमारे युवा साथियों की आंखों में संघ-विकास के सपने होने चाहिए। उनकी हर धड़कन में संघ एवं संघपति के प्रति श्रद्धा व समर्पण का नाद अनुगुंजित होना चाहिए। संघ-सेवा करने का जुनून होना चाहिए। हमने देखा उत्तर तेयुप की नई टीम में उत्साह व जोश है। भाई दिलीप का त्याग-प्रत्याख्यान से कार्यकाल प्रारम्भ हो रहा है। सेवा, संस्कार व संगठन की दृष्टि से उत्तर तेयुप नए इतिहास का सृजन करे। साध्वी श्रीजी ने कहा – राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत प्रतिभा संपन्न, चिन्तनशील एवं कर्मठ है। पवन हवा की तरह गति करता हुआ अपनी शाखा परिषदों को उत्साहित कर रहा है।हर परिषद को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। हमने देखा पवन जो ठान लेता है, पूरा करके ही दिखलाता है। महामंत्री सौरभ सौम्य स्वभावी एवं नूतन चिंतन व vision वाला है। तुम्हारे नेतृत्व में अभातेयुप गगनचुम्बी ऊँचाइयों को स्पर्श करे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने कहा – साध्वी अणिमाश्रीजी की सन्निधि में हमेशा ऊर्जा की अनुभूति होती है। साध्वी श्रीजी ने अपनी विशिष्ट शैली से अनेक कार्यकर्ताओं को तैयार किया है, उनमें एक नाम मेरा भी है। उत्तर तेयुप का आज शपथ ग्रहण हुआ है। उत्तर तेयुप के अध्यक्ष दिलीपजी अपनी टीम के साथ जबरदस्त कार्यक्रम करें। आपके द्वारा किए गए कार्यक्रम सभी के लिए अनुकरणीय बनें। अभातेयुप टीम की ओर से आप सभी को यशस्वी कार्यकाल की शुभकामना। उत्तर तेयुप के अध्यक्ष दिलीप भंसाली एवं उनकी पूरी टीम ने गुरुवार को जमीकंद के त्याग के साथ शपथ ग्रहण की एवं उन्होंने अभातेयुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष से कुछ नया करवाने को कहा।
इस अवसर पर साध्वी श्रीअणिमाश्रीजी के सान्निध्य में अभातेयुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवनजी मांडोत द्वारा तेयुप अहमदाबाद द्वारा प्रकाशित, सामायिक साधना के लिए ‘ज्ञान कलश’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। यह पुस्तक लघु आकार की होने के बावजूद सभी आवश्यक जानकारियों से परिपूर्ण है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रारंभ में श्रावक निष्ठा पत्र का वांचन किया। श्री अरिहंत बाफना एवं उनकी टीम ने सुमधुर स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। मंत्री श्री विमल बाफना ने कार्यक्रम का संचालन किया। आभार ज्ञापन श्री विशाल पिंचा ने किया।

