नई दिल्ली:नक्सल रोधी अभियान के लिए नक्सल इलाकों में मौजूद बटालियन को रोटेशन के आधार पर अब नहीं हटाया जाएगा। नई बटालियन भेजने के बजाय पहले से मौजूद बटालियन ही ऑपरेशन में मौजूद रहेंगी। जवानों को ट्रांसफर के तहत जरूर नई तैनाती दी जाएगी।
जिन जवानों को इन इलाकों में भेजा जाएगा, कोरोना संकट के बीच उनके प्रशिक्षण को लेकर भी कवायद चल रही है। फील्ड के साथ ऑनलाइन मॉड्यूल पर भी काम हो रहा है। सूत्रों ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तैनात दो बटालियनों के रोटेशन परिवर्तन को रद्द कर दिया गया है। इस आशय के आदेश आईटीबीपी के महानिदेशक एसएस देसवाल ने 23 अप्रैल को जारी किया। नक्सल विरोधी अभियान में एक बटालियन का कार्यकाल तीन साल का होता है। मई में रोटेशन किया जाना था।
नई नीति से प्रशिक्षण पद्धति पर प्रभाव पड़ेगा। आईटीबीपी के प्रशिक्षण निदेशालय को निर्देश दिया गया है कि नक्सल विरोधी इलाकों में स्थित बटालियनों में स्थानांतरित किए जा रहे कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक नया तंत्र विकसित करें। आईटीबीपी के पास इस तरह की तैनाती के लिए एक संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम है। हर जवान को ऑपेरशन के पहले ये प्रशिक्षण दिया जाता है।

