नई दिल्ली:यूएफा यूरोपा लीग के फाइनल में बुधवार रात 12:30 बजे से आर्सेनल का मुकाबला चेल्सी से होगा। एक तरफ आर्सेनल की नजर पहली खिताबी जीत पर होगी। वहीं, चेल्सी दूसरी बार खिताब जीतना चाहेगा। वह पिछली बार 2013 में फाइनल जीता था। वहीं, आर्सेनल की टीम 2000 में फाइनल हार गई थी। यह मुकाबला अजरबैजान के बाकू में ओलिंपिक स्टेडियम पर खेला जाएगा। पहली बार यूरोपा लीग और चैम्पियंस लीग के फाइनल में चारों टीमें इंग्लैंड की ही हैं। चैम्पियंस लीग का फाइनल 1 जून को टॉटेनहैम हॉटस्पर और लिवरपूल के बीच खेला जाएगा।
आर्सेनल के मिडफील्डर हेनरिक मखीतार्यन ने इस मैच में नहीं खेलने का फैसला किया। उन्होंने अजरबैजान और अपने देश अर्मेनिया के बीच राजनीतिक विवाद के कारण यह फैसला किया। मखीतार्यन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने आर्सेनल के किसी मैच में नहीं खेलने का फैसला किया। इससे पहले अजरबैजान के क्लब काराबाग के खिलाफ ग्रुप दौर में भी वे नहीं खेले थे।
आर्सेनल की टीम को 19 साल पहले फाइनल में तुर्की के क्लब ग्लातासारे ने हराया था। वहीं, चेल्सी ने 6 साल पहले पुर्तगाल के क्लब बेनफिसा को हराकर खिताब अपने नाम किया था। चेल्सी और आर्सेनल के बीच अब तक 197 मैच खेले गए। इसमें आर्सेनल ने 77 और चेल्सी ने 63 मुकाबले जीते। 57 मैच ड्रॉ रहे। इस सीजन में दोनों टीमें तीसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले प्रीमियर लीग में दोनों ने एक-एक मैच अपने नाम किया था।
अब तक नहीं बिके 12 हजार टिकट
बाकू स्टेडियम की क्षमता 68 हजार है। इस मैच के लिए दोनों टीमों के प्रशंसकों के लिए 6-6 हजार टिकट बांटे गए थे, लेकिन अब तक सभी नहीं बिके। यूएफा की ऑफिशियल वेबसाइट पर अब भी टिकट मिल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजरबैजान में पर्यटन के लिए ज्यादा पैसे लगते हैं। इससे दोनों इंग्लिश क्लब के प्रशंसक वहां नहीं जा रहे।
चेल्सी पिछले 5 मैच में नहीं हारा, 3 में जीत मिली
| किसके खिलाफ | नतीजा | टूर्नामेंट |
| न्यू इंग्लैंड | 3-0 से जीता | क्लब फ्रेंडली |
| लिसेस्टर सिटी | 0-0 से ड्रॉ | प्रीमियर लीग |
| इंत्राक्त फ्रेंकफर्ट | पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से जीते | यूरोपा लीग |
| वेटफोर्ड | 3-0 से जीता | प्रीमियर लीग |
| इंत्राक्त फ्रेंकफर्ट | 1-1 से ड्रॉ | यूरोपा लीग |
आर्सेनल ने पिछले 5 मुकाबलों में जीत हासिल की
| किसके खिलाफ | नतीजा | टूर्नामेंट |
| बर्नले एफसी | 3-1 से जीता | प्रीमियर लीग |
| वेलेंसिया | 4-2 से जीता | यूरोपा लीग |
| लिसेस्टर सिटी | 3-0 से जीता | प्रीमियर लीग |
| वोल्व्स | 3-1 से जीता | प्रीमियर लीग |
| क्रिस्टल पैलेस | 3-2 से जीता | प्रीमियर लीग |

