नई दिल्ली:लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान आदेश आचार संहिता के उल्लंघन मामलों में इस बार काफी बढ़ोतरी हुई है। इन चुनावों में आयोग को आचार संहिता उल्लंघन की 510 शिकायतें मिली हैं जिनमें 140 अकेले उत्तर प्रदेश राज्य से हैं।
आचार संहिता उल्लंघन की 161 शिकायतें चुनाव आयोग के पास अब भी लंबित हैं। राष्ट्रीय चुनाव आयोग द्वारा दर्ज शिकायतों के अनुसार, कुल 510 में से 72 शिकायतें ऐसी थीं जिन पर आयोग ने विचार नहीं किया। ज्यादातर शिकायतें सरकार के खिलाफ होती हैं जैसे किसी अधिकारी का समय पर स्थानांतरण न करना आदि।
एक शिकायत ऐसी भी है जिस पर आयोग ने फैसला ले लिया था और इसे केंद्रीय गृह मंत्रालय भेज दिया था। लेकिन सरकार ने इस पर क्या फैसला लिया इस बारे में कोई सूचना नहीं है। यह शिकायत राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के खिलाफ थी जिन्होंने चुनाव के दौरान अलीगढ़ में एक भाषण में कहा था कि मोदी का दोबारा प्रधानमंत्री चुने जाना जरूरी है।
फाइल केंद्र के पास
आयोग ने सिंह को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाकर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए फाइल राष्ट्रपति को भेज दी थी। राष्ट्रपति ने फाइल को केंद्र सरकार को भेज दिया था।
लंबित शिकायतों की जांच जारी
लंबित 161 शिकायतों के संबंध में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच की जा रही है लेकिन यह कब तक चलेगी, इसमें कुछ नहीं कहा गया है। संहिता उल्लंघन की 277 शिकायतें निपटाई जा चुकी हैं।
आचार संहिता उल्लंघन के 161 मामले अब भी अटके

