नई दिल्ली:राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सभी बड़े नेताओं को चुनाव मैदान में उतारेगी। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने राजस्थान के लिए कई वरिष्ठ नेताओं के चुनाव लड़ने पर मुहर लगा दी है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि अशोक गहलोत अपनी परंपरागत सीट सरदारपुरा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अशोक गहलोत के विधानसभा चुनाव लड़ने से इन अटकलों को विराम लग गया है कि पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी संभालने के बाद गहलोत प्रदेश की राजनीति नहीं करेंगे। कांग्रेस चुनाव समिति ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए करीब 80 सीट पर उम्मीदवार तय कर दिए।
पार्टी के एक नेता ने कहा कि राजस्थान लोकसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले अलवर से सांसद करन सिंह यादव और अजमेर से रघु शर्मा भी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा सीपी जोशी, गिरिजा व्यास और कुछ अन्य पूर्व सांसद भी चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। नामांकन शुरू होने के साथ पार्टी प्रत्याशियों का ऐलान कर देगी।
इसके साथ पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भी लगभग सभी सीट पर प्रत्याशी तय कर लिए हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा की 150 सीट पर पार्टी पहले ही उम्मीदवार तय कर चुकी थी। बाकी 80 सीट पर बुधवार शाम हुई सीईसी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि गुरुवार शाम को सीईसी की फिर बैठक होगी। इसके बाद पार्टी उम्मीदवारों का ऐलान कर देगी।
अशोक गहलोत यहां से लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव

