नई दिल्ली:देश में कोरोना संक्रमण के अब तक 4 लाख 11 हजार 733 मामले सामने आ चुके हैं। सिर्फ 8 दिन में संक्रमितों का आंकड़ा 3 से 4 लाख हो गया। देश में 12 जून को मरीजों की संख्या 3 लाख हुई थी, जो शनिवार (20 जून) को बढ़कर 4 लाख पार कर गई। शनिवार को रिकॉर्ड 15898 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
उधर, दिल्ली में भी लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। राजधानी में तीन दिन में 9 हजार से ज्यादा मामले बढ़े। शनिवार को रिकॉर्ड 3630 पॉजिटिव सामने आए। इससे पहले 19 जून को 3137 और 18 जून को 2877 मामले सामने आए थे। दिल्ली में कल रिकॉर्ड 77 मौतें भी हुईं।
5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए
| तारीख | केस |
| 20 जून | 15898 |
| 19 जून | 14721 |
| 18 जून | 13826 |
| 17 जून | 13107 |
| 13 जून | 12031 |
सिर्फ 8 दिन में एक लाख मरीज बढ़े
देश में कोरोनावायरस मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार रात को संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख के पार हो गया। सिर्फ 8 दिन में ही कोरोना मरीज 3 से 4 लाख हो गए। 13 जून को संक्रमितों की संख्या 3 लाख के पार हुई थी।

