वॉशिंगटन: दुनिया में अब तक 54 लाख 97 हजार 443 लोग संक्रमित हैं। 23 लाख 1 हजार 957 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 46 हजार 669 हो गया है। अमेरिका में अब तक 99 हजार 300 लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिका ने उन विदेशी नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया है जो पिछले 14 दिनों में ब्राजील गए थे। दक्षिण अमेरिकी देश हाल में कोरोनावायरस को लेकर दुनिया का दूसरा हॉटस्पॉट बन गया है।
व्हाइट हाउस की तरफ से रविवार को जारी बयान के अनुसार, यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि ब्राजील से आने वाले विदेशी नागरिक कोरोना के प्रसार की वजह न बनें।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
| देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
| अमेरिका | 16,86,436 | 99,300 | 4,51,702 |
| ब्राजील | 3,65,213 | 22,746 | 1,49,911 |
| रूस | 3,44,481 | 3,541 | 1,13,299 |
| स्पेन | 2,82,852 | 28,752 | 1,96,958 |
| ब्रिटेन | 2,59,559 | 36,793 | उपलब्ध नहीं |
| इटली | 2,29,858 | 32,785 | 1,40,479 |
| फ्रांस | 1,82,584 | 28,367 | 64,617 |
| जर्मनी | 1,80,328 | 8,371 | 1,60,300 |
| तुर्की | 1,56,827 | 4,340 | 1,18,694 |
| भारत | 1,38,536 | 4,024 | 57,692 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
‘अमेरिका कोरोना का पहला वैक्सीन बनाएगा’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रोबर्ट ओ ब्रायन ने दावा किया कि कोरोना का वैक्सीन सबसे पहले अमेरिका बनाएगा। हम थेरेपी और टिका बनाने के लिए जोर-शोर से काम कर रहे हैं। वैक्सीन बनने के बााद उसे केवल अमेरिका ही नहीं बल्कि पूरे दुनिया के साथ साझा करेंगे। हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार नहीं किया है कि चीन अपने लिए वैक्सीन चुराने की कोशिश करेगा।
ब्राजील: 3.63 लाख संक्रमित
ब्राजील में संक्रमण के मामले 3 लाख 65 हजार 213 हो गए हैं। वहीं, यहां 22 हजार 746 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां एक दिन में संक्रमण के 16 हजार 220 मामले समने आए हैं, जबकि 703 लोगों की मौत हुई है।
अमेरिका में 24 घंटे में 638 जान गई
अमेरिका में एक दिन में 638 लोगों की मौत हुई। देश में मरने वालों की संख्या 99 हजार 300 हो गई है। यहां संक्रमितों की संख्या 16 लाख 86 हजार 436 हो चुकी है। वहीं, न्यूयॉर्क में संक्रमण के 3 लाख 71 हजार 193 केस हो चुके हैं। अमेरिका ब्राजील को 1000 वेंटिलेटर्स डोनेट कर रहा है। अमेरिका सरकार ने कहा है कि जल्द ही रक्षा और व्यापार में दोनों देशों के बीच साझेदारी और मजबूत किया जाएगा।
चीली: 70 हजार केस
चीली में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बढ़ती मरीजों की संख्या के चलते यहां स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है। देश में अब तक 70 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 700 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी सैंटियागो में प्रतिबंधों को और सख्त कर दिया गया है।
ब्रिटिश पीएम ने अपने सलाहकार का बचाव किया
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोपों को लेकर मुख्य सलाहकार डोमिनिक कुमिंग का बचाव किया है। जॉनसन ने कहा कि ऐसी स्थिति में कोई भी पिता ऐसा ही करता। डोमिनिक मार्च के अंत में खुद और पत्नी के पॉजिटिव आने के बाद अपने बच्चों को लेकर लंदन से डरहम गए थे। ताकि बच्चों की देखभाल हो सके।
ब्रिटेन : 1 जून से खुलेंगे स्कूल
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने रविवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें अपने उस सहयोगी को पद से हटाने की मांग खारिज कर दी जिन पर लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप हैं। साथ ही कह कि 1 जून से स्कूल खुल जाएंगे। कुछ स्कूल 15 जून से खुलेंगे। इसके लिए सख्त गाइडलाइंस भी जारी की गई हैं। क्लासेज में बच्चों की संख्या तय की जाएगी। सैनिटाइजेशन का सही इंतजाम हो। आउटडोर एक्टिविटीज बढ़ाई जाएं। अगर कोई स्टाफर या बच्चा संदिग्ध दिखे तो फौरन उसका टेस्ट कराया जाए।
इजरायल: 4 दिन में कोई मौत नहीं
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, संक्रमण के चलते चार दिनों में एक भी मौत नहीं हुई है। 20 मई को आखिरी मौत हुई थी। यहां मरने वालों की संख्या 279 है। देश में संक्रमण के पांच नए मामले मिले हैं। कुल आंकड़ा बढ़कर 16 हजार 717 हो गया है। यह 7 मार्च के बाद से सबसे कम संख्या है। स्वास्थ्य मंत्री ने रविवार को कहा कि जारी प्रतिबंधों में 14 जून से राहत दी जाएगी। ड्रामा, फिल्में और शो जनता के लिए फिर से शुरू होंगे। इस दौरान लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए मास्क लगाना होगा।

