मुंबई:कोरोना वायरस संक्रमण के चलते अभी भी अधिकतर लोगों के काम-धंधे बंद पड़े हैं। लेकिन, लॉकडाउन के तीसरे चरण की शुरुआत के साथ ही सरकार की तरफ से सभी जोन में शराब की बिक्री की इजाजत दे दी गई, जिसके बाद देशभर में शराब की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई।
शराब की भारी भीड़ को देखते हुए कई जगहों पर लॉकडाउन के नियमों धज्जियां भी उड़ते हुए दिखीं और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन का उल्लंघन भी। इस बीच, प्रशासन की तरफ से ऐहतियाती कदम उठाते हुए दुकान मालिकों से सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने को कहा गया।
इधर, सबसे खास बात ये रही कि मुंबई में शराब की दुकानों को खोलने की इजाजत के 2 दिन बाद बीएमसी ने भले ही उसे बंद करने का आदेश दिया हो लेकिन महाराष्ट्र में इसकी जमकर खरीददारी हो रही है। राज्य आबकारी विभाग के मुताबिक, 4 मई से महाराष्ट्र में 48.14 करोड़ रुपये की शराब बिकी है।
3 मई को महाराष्ट्र सरकार ने कंटेनमेंट जोन को छोड़कर शराब समेत सभी स्टैंड अलोन दुकानों को खोलने की इजाजत दी थी। हालांकि, राज्य के रेड जोन में लोगों की भारी भीड़ और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होते देख कई जिलों से यह फैसला वापस ले लिया गया था।

