नई दिल्ली:पाकिस्तान के टी20 विशेषज्ञ सोहेल तनवीर अपने कुछ साथी खिलाड़ियों के सोशल मीडिया के गैर जिम्मेदाराना इस्तेमाल से निराश हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि मुझे लगता है कि हमारे पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए वरना इससे पाकिस्तान क्रिकेट की नकारात्मक छवि बनेगी।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से खिलाड़ियों और पाकिस्तान क्रिकेट को शर्मिंदा होना पड़ता है। पिछले दिनों पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों दानेश कनेरिया और फैसल इकबाल के बीच ट्विटर पर वाकयुद्ध हो गया। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद युसूफ ने राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच और मुख्य चयनकर्ता मिसबाह उल हक के बारे में तीखे शब्दों का प्रयोग किया।
इसके अलावा पीसीबी के पूर्व अधिकारी भी सोशल मीडिया विवाद से दूर नहीं हैं। हाल ही पूर्व अध्यक्ष ने बताया था कि 2003 विश्वकप में कुछ खिलाड़ियों ने जानबूझकर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था। साथ ही उन्होंने मुख्य सेलेक्टर को उस टाइम के बड़े और दिग्गज खिलाड़ियों जैसे सईद अनवर, वकार यूनिस और वसीम अकरम को टीम से बाहर करने के लिए कहा था। तनवीर ने कहा कि यह दुखद है कि कुछ क्रिकेटर सोशल मीडिया का इस्तेमाल एक दूसरे को नीचा दिखाने के लिए कर रहे हैं जबकि सभी एक परिवार का हिस्सा हैं।

