नई दिल्ली:टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा समय में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद गौतम गंभीर ने ट्वीट के जरिए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी पर जवाबी हमला बोला है। अफरीदी ने अपनी आत्मकथा ‘गेम चेंजर’ में गौतम गंभीर को घमंडी करार दिया है। गंभीर ने इस किताब में खुद को लेकर लिखी गई बातों को अफरीदी को करारा जवाब दिया है। गंभीर और अफरीदी के बीच रिश्ते कभी अच्छे नहीं रहे हैं। दोनों ऑन द फील्ड और ऑफ द फील्ड कई बार एक-दूसरे से उलझते हुए नजर आ चुके हैं।
गंभीर ने ट्वीट में लिखा, ‘एक ऐसा इंसान, जिसे अपनी उम्र नहीं याद रहती है, वह मेरे रिकॉर्ड्स कैसे याद रखेगा! ठीक है शाहिद अफरीदी मैं आपको एक रिकॉर्ड याद दिलाता हूं। 2007 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल, भारत बनाम पाकिस्तान, गौतम गंभीर 54 गेंद पर 75 रन vs शाहिद अफरीदी 1 बॉल पर शून्य रन। सबसे जरूरी बात, हमने खिताब जीता था और हां मैं झूठे, गद्दारों और मौकापरस्त लोगों के लिए एटिट्यूड रखता हूं।’ अफरीदी की आत्मकथा 2019 में लॉन्च हो चुकी है। इस किताब के कुछ हिस्से एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं।
आपको बता दें कि शाहिद अफरीदी ने अपनी किताब में लिखा है कि गौतम गंभीर जितना घमंडी क्रिकेटर पूरी दुनिया में नहीं मिलेगा। उन्होंने गंभीर को लेकर लिखा कि उसमें एटिट्यूड की काफी दिक्कत है। गौतम गंभीर का कोई व्यक्तित्व नहीं है। क्रिकेट में गंभीर जैसा कैरेक्टर शायद ही हो। उन्होंने आगे कहा कि गंभीर के नाम क्रिकेट में कोई बड़ा रिकॉर्ड नहीं है, सिवाय उसमें ढेर सारे एटिट्यूड के अलावा। गौतम गंभीर अपने आप को डॉन ब्रेडमैन और जेम्स बॉन्ड जैसी काबिलियत रखने वाला समझता है।

