नई दिल्ली:चीन से शुरू होकर पूरे विश्व में फैल चुकी घातक बीमारी कोरोना वायरस का प्रकोप भारत में भी जारी है। इसकी वजह से संक्रमित होने वालों की संख्या 13 हजार पार कर गई है वहीं देश में इससे अब तक 437 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में कोरोना के बढ़ रहे मामलों पर स्टार पहलवान और बीजेपी नेता बबीता फोगाट ने बीते दिनों तबलीगी जमात को लेकर एक ट्वीट किया था, जिस पर काफी हल्ला हुआ था। इस ट्वीट के बाद उनको सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है। बबीता ने अब एक वीडियो शेयर कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
बबीता फोगाट ने कहा कि कुछ दिन पहले मैंने ट्वीट किया था। इसके बाद से कुछ लोग सोशल मीडिया पर गलत-गलत मैसेज करने लगे, गालियां देने लगे और फोन करके धमकी भी देने लगे हैं। उन लोगों को कह रही हूं कि कान खोलकर सुन लो और दिमाग में बैठा लो। मैं कोई जायरा वसीम नहीं हूं, जो तुम्हारी धमकियां सुनकर घर बैठ जाउंगी। मैं बबीता फोगाट हूं, देश के लिए लड़ी हूं और ऐसे ही लड़ती रहूंगी।
उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों को सच सुनने में परेशानी है, वो लोग एक बात और सुन लें कि वो हमेशा सच बोलती रहेंगी और सच लिखती रहेंगी। अगर सच सुनना पसंद नहीं करते या तो अपनी आदत सुधार लें या फिर सच सुनने की आदत डाल लें। बता दें कि बबीता ने जो ट्वीट किया था, उसमें लिखा था कि कोरोना वायरस भारत की दूसरे नंबर की बड़ी समस्या है। जमाती अभी भी पहले नंबर पर बना हुआ है।
बबीता फोगाट के करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स की देश के लिए गोल्ड मेडल जीता था। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म दंगल फोगाट बहनों पर ही बनी थी। बबीता हाल में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई हैं।

