मुंबई:मुंबई की दक्षिण मध्य लोकसभा सीट से शिवसेना सांसद राहुल शेवाले ने कोरोनावायरस के संक्रमण की लड़ाई में लगे प्राइवेट डॉक्टर्स ने लिए इंश्योरेंस की मांग की है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे पत्र में सांसद राहुल शेवाले कहा है कि कम्युनिटी क्लीनिक के माध्यम से या घर-घर जाकर लोगों की जांच करने वाले प्राइवेट डॉक्टर्स का राज्य सरकार की ओर से इंश्योरेंस किया जाए। शेवाले ने अपने पत्र में यह भी लिखा है कि सरकार इंश्योरेंस के साथ ही प्राइवेट डॉक्टर्स को पीपीई किट और मेडिकल उपकरण भी मुहैया कराए।
सीएम का आभार किया प्रकट
राहुल शेवाले ने अपने पत्र में कोरोना वायरस के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का आभार प्रकट किया है। सांसद शेवाले ने राज्य सरकार और महानगर पालिका के मिशन में शामिल होने की भी अपील की है। महाराष्ट्र में फिलहाल धारावी, अंटॉप हिल्स, चिता कॉम्प्लेक्स, एम, जी और एफ प्रभाग में प्राइवेट डॉक्टर्स कोरोना के खिलाफ की जंग मे शामिल है।
मुंबई में 2000 से ज्यादा केस
बता दें मुंबई में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 107 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 2,049 पर पहुंच गई है। शहर में मात्र 6 दिन में संक्रमण के एक हजार नए मामले सामने आए। देश की आर्थिक राजधानी में 11 अप्रैल तक कोरोना वायरस के एक हजार मामले सामने आए थे। बीएमसी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि बुधवार रात से अब तक कोविड-19 के तीन मरीजों की मौत हो चुकी है जिसके बाद शहर में महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 116 हो गई है।

