मुंबई:कोरोना के चलते लॉकडाउन के बीच मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के बाहर मंगलवार को हजारों की तादाद में प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्य जाने के लिए इकट्ठा हुए। इन लोगों को यहां से हटने के लिए कहा गया लेकिन इनके अड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में किया गया। डर था कि कहीं यहां भी हालत सूरत की तरह न हो जाए, जैसा पिछले दिनों देखने को मिला था।
1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज
अब महाराष्ट्र पुलिस को उन लोगों की तलाश है जो इन हजारों मजदूरों को गुमराह किया, जिसकी वजह से ये लोग बांद्रा स्टेशन पर आए थे। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर किसने यह अफवाह फैलाई कि ट्रेन चलने जा रही है। एपिडेमिक एक्ट की धारा 3 और आईपीसी की धारा 143, 147, 149, 186 और 188 के तहत करीब 800 से 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक शख्स हिरासत में
नवी मुंबई पुलिस ने एरोवली से विनीत दूबे नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इसके ऊपर यह आरोप है कि इसने मुंबई में 18 अप्रैल को प्रवासी मजदूरों के साथ बड़ा प्रदर्शन करने की धमकी दी थी। उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में फंसे प्रवासी मजदूरों को एक बार फिर आश्वस्त किया कि लॉकडाउन कोई ”लॉक-अप नहीं है। अपने गृह क्षेत्र जाने की उम्मीद में बांद्रा में इकट्ठा हुए दिहाड़ी मजदूरों से उन्होंने वापस लौटकर कोरोना वायरस की ”चुनौती का सामना करने की अपील की।
उद्धव ठाकरे ने प्रवासी मजदूरों से कहा- आप चिंता न करें
देशव्यापी लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ाए जाने के बावजूद अपने-अपने गृह नगर जाने की आस में यहां बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास सैकड़ों प्रवासी कामगारों के इकट्ठा होने के बाद उन्होंने वेबकास्ट के जरिए संबोधित किया। प्रवासियों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कुछ देर तक हिंदी में भी संबोधित किया।
ठाकरे ने यह भी कहा कि उनकी सरकार इस पर काम कर रही है कि लॉकडाउन कैसे खत्म किया जाए और औद्योगिक गतिविधियां बहाल हो। उन्होंने माना कि मुंबई और पुणे में संक्रमण के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की सबसे अधिक जांच हुई है। उन्होंने केंद्र से प्रायोगिक तौर पर प्लाज्मा उपचार की अनुमति देने का भी अनुरोध किया।
हजारों कामगारों की भीड़ और पुलिस लाठीचार्ज को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने साफ किया कि ये सबकुछ ट्रेन चलने की अफवाह के चलते हुआ है। उन्होंने कहा कि बांद्रा की घटना पर किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है, बाहरी मजदूरों के खाने-पीने के इंतजाम किया जा रहा है।

