ब्रेस्ट:वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस कोविड-19 से बचने के लिए लोगों को एक दूसरे से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, लेकिन बेलारूस में 1000 प्रशंसक रविवार को न केवल फुटबॉल मैच देखने पहुंचे बल्कि उन्होंने एक-दूसरे को गले भी लगाया।
दुनिया भर में फैल चुके कोरोना के कारण तमाम फुटबॉल गतिविधियों को रोक दिया गया है लेकिन बेलारूस में फुटबॉल जारी है और मैचों को देखने के लिए अच्छी खासी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बेलारूस पूरे यूरोप में एकमात्र ऐसा देश है, जहां नेशनल सॉकर लीग खेली जा रही है और फुटबॉल से वंचित प्रशंसक इन मैचों को देखने पहुंच रहे हैं।
बेलारूस में कड़े प्रतिबन्ध लागू नहीं किए गए हैं और खुद राष्ट्रपति एलेक्सेंडर लुकाशेंको ने लोगों को सलाह दी है कि कोरोना से लड़ने के लिए वे वोदका पिएं या ट्रैक्टर चलाएं। हालांकि काफी प्रशासक मैचों से दूर रहे, लेकिन करीब 1000 प्रशंसक एफसी डायनामो ब्रेस्ट और इसलोच मिंस्क का मैच देखने पहुंच गए।
इनमें से बहुत काम लोगों ने ही मास्क पहन रखे थे। गाठ चैंपियन ब्रेस्ट ने यह मैच 3-1 से जीता। बेलारूस में कोरोना के 2919 मामले हैं और इससे 29 लोगों की मौत हुई है। बता दें कि अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य में कोरोना वायरस से मौत की संख्या 10000 के पार हो गई है जबकि अमेरिका में कोविड 19 से मौत का आंकड़ा 22800 को क्रॉस कर चुका है।
दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या सोमवार (13 अप्रैल) की रात 11 बजे तक एक लाख 17 हजार 569 हो गई है। अमेरिका कोरोना से मौत के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा देश बन चुका है।
अमेरिका के बाद इटली में 20465 मौत, स्पेन में 17489 मौत, फ्रांस में 14393 मौत और इंग्लैंड में 11329 मौत हो चुकी है। चीन में दिसम्बर में इस महामारी के सामने आने के बाद से 193 देशों और क्षेत्रों में 18 लाख 83 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 4 लाख 43 हजार से ज्यादा हजार लोग अब तक ठीक भी हुए हैं।

