नई दिल्ली:टोक्यो ओलम्पिक 2020 को 2021 तक स्थगित किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने ओलम्पिक के लिए संशोधित क्वालिफिकेशन प्रक्रिया जारी की है जिसके तहत नई क्वालिफिकेशन समय सीमा 29 जून 2021 कर दी गई है और खेलों की प्रविष्टि की समय सीमा 5 जुलाई निर्धारित की गई है। आईओसी ने सभी राष्ट्रीय ओलम्पिक समितियों को भेजे गए पत्र में ओलम्पिक क्वालिफिकेशन के लिए नई तारीखें निर्धारित की हैं।
वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए आईओसी और मेजबान देश जापान ने टोक्यो 2020 को स्थगित कर दिया था और अब इसका आयोजन अगले वर्ष 23 जुलाई से आठ अगस्त तक किया जाएगा। नई संशोधित क्वालिफिकेशन प्रक्रिया को क्वालिफिकेशन टास्क फ़ोर्स ने मंजूरी दे दी है और इसे अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों को सूचित कर दिया गया है। आईओसी ने बुधवार को बताया कि नई क्वालिफिकेशन समय सीमा 29 जून 2021 होगी और अंतरराष्ट्रीय महासंघ अपनी क्वालिफिकेशन समय सीमा तय कर सकते हैं लेकिन यह समय सीमा 29 जून से पहले होनी चाहिए।
खेलों की प्रविष्टि की अंतिम समय सीमा पांच जुलाई रखी गई है। आईओसी ने कहा कि जो एथलीट ओलम्पिक कोटा हासिल कर चुके हैं उनका कोटा बरकरार रहेगा। अब तक 57 फीसदी ओलम्पिक कोटा आवंटित किए जा चुके हैं जबकि 5000 ओलम्पिक कोटा अभी आवंटित किए जाने बाकी हैं। विश्व संस्था ने साथ ही कहा कि खेलों की तारीखों और स्थलों का पूर्ण विवरण अभी बता पाना मुश्किल है और कोरोना का प्रभाव कम होने तथा उससे लगे यात्रा प्रतिबन्ध समाप्त होने पर ही चीजें स्पष्ट हो पाएंगी।
आईओसी ने कहा कि जो क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट कोरोना के कारण स्थगित किए गए हैं, उन्हें आगे कराया जायेगा। जहां कोटा आवंटन रैंकिंग के आधार पर तय किए जाने हैं, उसमें अंतरराष्ट्रीय महासंघों के पास अपनी नई रैंकिंग समय सीमा निर्धारित करने का अधिकार रहेगा। आईओसी ने कहा कि वह ऐसे फैसलों की गंभीरता को समझता है। ऐसी परिस्थिति में संतुलन बैठाने की जरूरत है जहां एथलीट पिछली 2020 की समय सीमा के आधार पर क्वालीफाई करने के नजदीक थे और उनके हितों की सुरक्षा करनी है तथा साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि टोक्यो ओलम्पिक में सर्वश्रेष्ठ एथलीट ही उतरें। इसमें 2021 सत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को क्वालीफाई करने का मौका मिले।
आईओसी ने कहा कि जो खिलाड़ी ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं उनका कोटा बरकरार रहेगा। अंतरराष्ट्रीय महासंघों के पास आयु योग्यता मापदंड को बढ़ाने और न्यूनतम आयु सीमा तय करने का अधिकार रहेगा। न्यूनतम आयु सीमा उन एथलीटों के लिए है जो जुलाई 2020 के लिए योग्य नहीं थे लेकिन 2021 में न्यूनतम आयु सीमा को पूरा करते हैं। कुछ मामलों में क्वालिफिकेशन कोटा राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने हासिल किए हैं जबकि कुछ मामलों में सीधे एथलीटों ने कोटा हासिल किए हैं। इन सभी मामलों में ओलम्पिक चार्टर के अनुसार सम्बंधित राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति को ओलम्पिक के लिए एथलीटों को चुनने का अधिकार रहेगा जो ओलम्पिक में उसका प्रतिनिधित्व करें।

